अफगान आर्मी का पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा एक्शन, बॉर्डर पर मुनीर सेना की चौकियों को किया तबाह

सूत्रों के मुताबिक, अफगानिस्तान सेना ने नाजियान और डरबाबा जिलों में डूरंड लाइन के पास पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. स्थानीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अफगान सेना ने कई चौकियों को भारी क्षति पहुंचाई.

0
11
Afghanistan
Afghanistan

नई दिल्ली: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा क्षेत्र में तनाव एक बार फिर गंभीर रूप लेता दिखाई दे रहा है. मंगलवार को डूरंड लाइन के आसपास अफगान सेना द्वारा पाकिस्तानी सेना की चौकियों पर हमले किए जाने की खबर सामने आई है.

इस कार्रवाई के बाद कई स्थानों पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच फायरिंग और झड़प की सूचना है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हमले में पाकिस्तान की कुछ चौकियां नष्ट हुई हैं और दोनों पक्षों को नुकसान पहुंचा है. हालांकि, आधिकारिक स्तर पर हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है.

अफगानिस्तान ने पाक चौकियों को बनाया निशाना

सूत्रों के मुताबिक, अफगानिस्तान सेना ने नाजियान और डरबाबा जिलों में डूरंड लाइन के पास पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. स्थानीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अफगान सेना ने कई चौकियों को भारी क्षति पहुंचाई. इस संबंध में अभी तक अफगान प्रशासन या तालिबान सरकार की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.

तनाव का कारण क्या है?

दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव के पीछे कारण पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले को माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के पाकिस्तानी सेना ने अफगान सीमा से लगे इलाकों में एयरस्ट्राइक की थी. पाकिस्तान ने दावा किया कि यह कार्रवाई प्रतिबंधित संगठन टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के ठिकानों पर की गई थी, जिन्हें वह अपने देश में होने वाले हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराता है.

रिहायशी क्षेत्रों में हमले

वहीं, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि हमले रिहायशी क्षेत्रों पर किए गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे मारे गए. अफगान पक्ष ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई थी और जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखने की बात कही थी. माना जा रहा है कि उसी चेतावनी के बाद मंगलवार को अफगान सेना ने सीमा पार पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया.

दोनों देशों के बीच बिगड़ी स्थिति

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद और आतंकवाद के मुद्दे को लेकर लंबे समय से तनाव रहा है. पाकिस्तान का आरोप है कि उसके खिलाफ सक्रिय उग्रवादी संगठनों को अफगानिस्तान की जमीन पर शरण मिलती है. इसी मुद्दे पर पिछले वर्ष अक्टूबर में भी दोनों देशों के बीच स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि सीमा पर युद्ध जैसे हालात बन गए थे. उस समय दोनों ओर से जानमाल का नुकसान हुआ था और क्षेत्रीय देशों की मध्यस्थता के बाद संघर्ष विराम पर सहमति बनी थी.

संबंधों में अस्थिरता बढ़ी

ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों में अस्थिरता बढ़ा दी है. सीमा क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस पर टिकी हुई है. फिलहाल, दोनों देशों की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here