देश के अलग-अलग राज्यों में SIR जारी है. इसी बीच छत्तीसगढ़ निर्वाचन विभाग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद राज्य की मतदाता सूची जारी कर दी है. आयोग की ओर से जारी की गई सूची में कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाताओं के नाम शामिल है. वहीं इस लिस्ट से 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम हटाए गए.
आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ड्राफ्ट सूची की तुलना में अंतिम सूची में 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं. इससे पहले की मतदाता सूची में कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 नाम थे, जो प्रारूप सूची में घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गए थे.
किस जिले में कितने मतदाताओं का कटा नाम?
इस अभियान के दौरान फर्जी नाम, दोहराव वाले प्रविष्टियां और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने पर विशेष ध्यान दिया गया. जिसका नतीजा यह हुआ कि 24.99 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं. इस सघन जांच से मतदाता सूची की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. हर जिले के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक नाम रायपुर जिले से हटाए गए. रायपुर में कुल 4 लाख 98 हजार 556 मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए.
यह संख्या राज्य के अन्य जिलों की तुलना में काफी अधिक है. वहीं सबसे कम प्रभाव खैरागढ़ जिले में पड़ा, जहां केवल 9,843 नाम हटाए गए है. इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि शहरी क्षेत्रों में दोहराव और अपात्र नामों की समस्या अधिक थी. इस पूरे अभियान में 27,196 बीएलओ अधिकारियों ने दिन रात मेहनत की. उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया और वोटर मैपिंग की. वेरिफिकेशन के दौरान कई गलतियां भी पाई गई, जिसमें सुधार किया गया.
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए क्या करें?
भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 27 अक्टूबर 2025 को इस अभियान को शुरू किया गया था और लगभग चार महीने तक चला. 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 14 फरवरी तक पूरा कर लिया गया. इसके बाद 21 फरवरी को अंतिम सूची सार्वजनिक की गई.
हालांकि अभी भी जिन व्यक्तियों के नाम लिस्ट में नहीं है और उनके पास पेपर हैं, वह अपना नाम जुड़वा सकते हैं. इसके लिए आपको अपने डॉक्यूमेंट के साथ फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा कर दें. वहीं अगर लिस्ट में कोई त्रुटि हो तो इसके लिए फॉर्म-8 फरकर जमा करें. जिसके बाद आपकी समस्याओं का समाधान करने के लिए काम किया जाएगा.
















