नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और पहाड़ी इलाकों में बदलते मौसम के कारण देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने की आशंका है। एक तरफ दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है, तो दूसरी ओर उत्तर भारत में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और केरलम में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट की बात कही गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
चक्रवात अर्नब का तटीय इलाकों में असर
मौसम संबंधी इस रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में बदल गया है और यह उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में तेज बारिश होने की आशंका है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है, जबकि तूफान के प्रभाव से हवाएं और तेज हो सकती हैं। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में आपदा राहत टीमों को भी तैयार रखा गया है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा
चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु, केरलम, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बारिश का दौर तेज हो सकता है। तमिलनाडु, केरलम, पुडुचेरी, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी होने की बात कही गई है। तमिलनाडु, केरलम और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। कोलकाता समेत दक्षिण-पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में भी दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम में यह बदलाव 26 से 29 अक्टूबर के बीच देखने को मिल सकता है।
दिल्ली, यूपी और बिहार में बढ़ेगी ठंड
दक्षिण भारत में जहां बारिश का असर बढ़ रहा है, वहीं दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत उत्तर भारत के कई शहरों में सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी यूपी और बिहार के कुछ इलाकों में चक्रवात से जुड़े मौसमी बदलाव के कारण हल्की बारिश हो सकती है।राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी सुबह-शाम ठंडक बढ़ रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से तापमान में राहत मिल रही है। मौसम के इन बदलावों के बीच लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने की जरूरत महसूस होने लगी है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बदलने के संकेत हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। इससे पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य के करीब पहुंचने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम साफ रह सकता है। मौसम विभाग की चेतावनियों के बीच आने वाले 24 घंटे दक्षिण भारत में बारिश और उत्तर भारत में बढ़ती ठंड के लिहाज से अहम हो सकते हैं।












