दिल्ली में दर्ज हुआ 6 साल का सबसे ठंडा मार्च, 5 महीनों बाद सांस लेने लायक हुई राजधानी की हवा

दिल्ली में लगातार बारिश और तेज हवाओं ने मार्च का मौसम ठंडा कर दिया. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो छह साल में सबसे कम है. वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स 93 पर आ गया, जो पांच महीने में सबसे साफ हवा है.

0
11
Delhi shivers on coldest March
Delhi shivers on coldest March

नई दिल्ली: दिल्लीवालों को मार्च के महीने में एक अलग ही मौसम देखने को मिला. लगातार बारिश और तेज हवाओं ने राजधानी का तापमान एकदम से लुढ़क दिया. शुक्रवार को दिल्ली ने पिछले छह साल का सबसे ठंडा मार्च का दिन देखा. साथ ही करीब पांच महीने में सबसे साफ हवा भी मिली. मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 10 डिग्री कम है.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यह मार्च महीने में दर्ज किया गया सबसे कम दिन का तापमान है, जो 8 मार्च 2020 के बाद सबसे कम है. उस दिन तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा था. शहर के अन्य इलाकों में भी यही हाल रहा. पालम में 21.2, लोधी रोड पर 21.0, रिज पर 21.1 और आयानगर में 21.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हर जगह पारा सामान्य से काफी नीचे रहा.

बारिश ने बनाया तीन साल का रिकॉर्ड

दिनभर हुई करीब 7 मिमी बारिश ने इस महीने की कुल बारिश को 16.2 मिमी तक पहुंचा दिया है. इस साल का मार्च पिछले तीन सालों में सबसे ज्यादा बारिश वाला महीना बन गया है, हालांकि 2023 में हुई भारी बारिश के आंकड़े अभी भी दूर हैं. सुबह साढ़े आठ बजे के बाद सफदरजंग और पालम में 1.4 मिमी बारिश हुई, जबकि मयूर विहार में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. दिन चढ़ते ही बारिश की रफ्तार थम गई और शाम तक मौसम साफ हो गया.

हवा हुई साफ, पांच महीने बाद मिली राहत

बारिश ने तापमान तो गिराया ही, दिल्ली की हवा भी साफ कर दी. शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है. करीब 161 दिनों यानी पांच महीने से अधिक समय बाद दिल्ली की हवा इतनी साफ हुई है. इससे पहले अक्टूबर 2025 की शुरुआत में ऐसा स्तर देखा गया था. विशेषज्ञों के अनुसार, 51 से 100 के बीच AQI को संतोषजनक माना जाता है, जिससे सेहत को ज्यादा खतरा नहीं होता.

अगले दिनों का हाल: हल्की गर्मी लौटेगी

हालांकि यह साफ हवा ज्यादा दिनों तक बनी रहेगी या नहीं, इसपर मौसम वैज्ञानिकों को संदेह है. पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में AQI फिर से ‘मध्यम’ श्रेणी में जा सकता है. शनिवार को तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है. न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हालांकि सुबह और रात के तापमान में अभी भी ठंडक बनी रहेगी. पंजाब, हरियाणा सहित उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी बारिश और सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here