पिता के कर्ज को चुकाने के लिए बेटा बना शातिर चोर, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार; 24 चोरियों का हुआ खुलासा

0
37

धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर जिले में पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पिता पर चढ़े कर्ज के बोझ को चुकाने के लिए अपराध का रास्ता चुना और 24 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी के पास से नकद और जेवरात समेत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये की बरामदगी की है.

यह मामला धौलपुर जिले के निहालगंज थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रक चालक के रूप में काम करता था और चोरी की घटनाओं के बाद अलग अलग राज्यों में ट्रक चलाकर फरार हो जाता था. निहालगंज पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर 12 चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है. आरोपी के अन्य दो साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

एसपी विकास सांगवान ने क्या बताया?

एसपी विकास सांगवान ने बताया कि 26 दिसंबर को मानसरोवर कॉलोनी निवासी स्वेता नाम की महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने बताया था कि उसके खाली मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की.

जांच के दौरान क्या पता चला?

जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी चोरी के बाद अपने साथियों को छोड़कर तुरंत दूसरी जगह चला जाता था. इसके बाद वह यूपी, एमपी और महाराष्ट्र में ट्रक चलाने निकल जाता था. पुलिस आरोपी की लोकेशन और सीडीआर के आधार पर लगातार निगरानी कर रही थी. आरोपी बार बार अपनी जगह बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में समय लगा.

कैसे हुई आरोपी की गिरफ्तारी?

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है और वापस जाने की तैयारी में है. मुखबिर की सूचना पर निहालगंज पुलिस ने सुआ के बाग इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब छह महीने पहले एमपी की जेल से छूटकर आया था.

क्यों करता था चोरी?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसके पिता पर भारी कर्ज था. परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसने चोरी का रास्ता चुना. आरोपी दिन में शहर में बाइक से रेकी करता था और रात के समय बंद मकानों को निशाना बनाता था. पुलिस अब उससे अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here