मेरठ में शॉर्ट सर्किट की वजह से घर में लगी आग, पांच मासूमों समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत

0
10

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना इलाके के किदवई नगर में एक घर में आग लगने से पांच बच्चों और एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में छह महीने से कम उम्र के दो जुड़वां बच्चे भी शामिल हैं.

बताया जा रहा है कि आग सोमवार देर शाम इकबाल के घर में लगी थी. चीख-पुकार सुनकर और आग की लपटों की तेजी देखकर, आस-पास के लोग मदद के लिए दौड़े. हालांकि आग घर की निचली मंजिल से ऊपरी मंजिल तक फैल गई, जिससे परिवार के सदस्य अंदर फंस गए.

किस वजह से लगी आग?

संकरी गलियों की वजह से घायलों को छत के रास्ते अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. जिस घर में आग लगी थी, वहां कपड़े का काम होता था. माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घर में कौन – कौन था मौजूद?

घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य पास की एक मस्जिद में नमाज़ पढ़ने गए थे. अंदर मौजूद महिलाएं और बच्चे आग की लपटों से डर गए. आसिम की पत्नी रुखसार ने अपने तीन बच्चों 3 साल का अकदस, 6 महीने की जुड़वां बेटियों नबिया और इनायत, साथ ही 4 साल के भतीजे हम्माद और 12 साल की भतीजी महविश के साथ खुद को दूसरी मंजिल के एक कमरे में बंद कर लिया. 

उसका इरादा बच्चों को आग और धुएं से बचाना था लेकिन आग तेजी से उस कमरे में भी फैल गई. अंदर से बच्चों की चीखें सुनकर आस-पास के लोग डर गए.

SP सिटी ने क्या बताया?

SP सिटी आयुष विक्रम सिंह और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. घटना की जानकारी मिलने पर DM वीके सिंह, SSP अविनाश पांडे, और MLA रफीक अंसारी और गुलाम मोहम्मद हॉस्पिटल पहुंचे. उन्होंने दुखी परिवार वालों से बात की, जिन्होंने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है.

SSP पांडे ने इस घटना के बारे में क्या बताया?

SSP पांडे ने कहा, ‘हमें जानकारी मिली कि लिसाड़ी गेट इलाके में एक घर में आग लग गई है… बचाए गए छह लोगों, एक महिला और पांच बच्चों की मौत हो गई है. एक महिला का इलाज चल रहा है. हमें बताया जा रहा है कि आग किसी बिजली के उपकरण की वजह से लगी थी.’ घटना की आगे की जांच चल रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here