इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गए हैं. खतरे को देखते हुए लोग देशभर के पेंट्रोल पंपों पर लंबी लाइन लगाए खड़े हैं, अफवाहों के कारण पैनिक बाइंग भी देखी जा रही है. हालांकि तेल कंपनियों ने साफ कहा है कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में तेल है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है.
विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. ब्रेंट क्रूड आज सुबह करीब 107.10 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 93.73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने से तेल सप्लाइ चेन प्रभावित हुआ है, जिससे वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में उछाल आया है.
कहां मिल रहा सबसे सस्ता तेल?
आज यानी 27 मार्च 2026 को भारत में सुबह 6 बजे तेल कंपनियों ने पेट्रोल डीजल के दाम जारी कर दिए है. हालांकि भारत सरकार स्थिति को कंट्रोल में रखी हुई है. दिल्ली में सामान्य पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर है. वहीं प्रीमियम वेरिएंट में XP95 पेट्रोल 101.89 रुपये और XG डीजल 91.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
अभी के समय में सबसे सस्ता तेल पोर्ट ब्लेयर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में है. वहां पेट्रोल की कीमत 82.46 रुपये प्रति लीटर है. ईटानगर में 90.87 रुपये प्रति लीटर, सिलवासा, दादरा और नगर हवेली में 92.37 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. डीजल भी सबसे सस्ता पोर्ट ब्लेयर में 78.05 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध है. वहीं ईटानगर में 80.38 रुपये, जम्मू में 81.32 रुपये, संबा में 81.58 रुपये और कठुआ में 81.97 रुपये प्रति लीटर है.
लोगों से शांति की अपील
इंडियन ऑयल ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की मांग में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है. पिछले दो दिनों में पूरे देश स्तर पर बिक्री में 15 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. कुछ इलाकों में तो यह औसत दैनिक बिक्री से 50 प्रतिशत तक ज्यादा पहुंच गई है. यह वृद्धि मुख्य रूप से अफवाहों और पैनिक बाइंग के कारण है. केंद्र सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं. पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति सामान्य है.
















