‘गर्व महसूस हुआ…’, टी20 विश्व कप में संजू सैमसन के दमदार प्रदर्शन पर राहुल द्रविड़ का रिएक्शन

राहुल द्रविड़ ने कहा कि संजू सैमसन को लगातार मेहनत करते हुए देखना हमेशा अच्छा लगता है. उन्होंने बताया कि कई बार खिलाड़ियों को मौके देर से मिलते हैं, लेकिन अगर मेहनत जारी रहे तो सफलता जरूर मिलती है.

0
8
Rahul Dravid
Rahul Dravid

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साल 2024-25 में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए दिल्ली में नमन अवॉर्ड्स का आयोजन किया. इस समारोह में भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देने का ऐलान किया गया. इस सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए राहुल द्रविड़ 15 मार्च की सुबह दिल्ली पहुंचे. यहां उन्होंने मीडिया और ब्रॉडकास्टर से बातचीत भी की.

इस दौरान राहुल द्रविड़ ने भारत के तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और सभी खिलाड़ियों ने मिलकर जीत में योगदान दिया. द्रविड़ ने खास तौर पर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि संजू ने लंबे समय तक मेहनत की है और अब उन्हें उसकी मेहनत का फल मिला है.

राहुल द्रविड़ ने की सैमसन की तारीफ

राहुल द्रविड़ ने कहा कि संजू सैमसन को लगातार मेहनत करते हुए देखना हमेशा अच्छा लगता है. उन्होंने बताया कि कई बार खिलाड़ियों को मौके देर से मिलते हैं, लेकिन अगर मेहनत जारी रहे तो सफलता जरूर मिलती है. उन्होंने कहा कि संजू को इस टूर्नामेंट में शानदार खेलते हुए देख उन्हें काफी गर्व महसूस हुआ. द्रविड़ के अनुसार, संजू ने साबित कर दिया कि प्रतिभा के साथ धैर्य और मेहनत भी बहुत जरूरी होती है.

संजू सैमसन का शानदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की. इन टीमों के खिलाफ अहम मैचों में संजू सैमसन ने अपने बल्ले से कमाल दिखाया और जीत में अहम भूमिका निभाई. पूरे टूर्नामेंट में सैमसन ने भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा 321 रन बनाए.

भारत ने तीसरी बार जीता टी20 वर्ल्ड कप का खिताब

उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी दिया गया. संजू सैमसन ने सुपर-8 से टीम में जगह मिलने के बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और फाइनल तक अपनी बल्लेबाजी से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उनके बेहतरीन खेल की बदौलत भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here