नई दिल्ली: स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Samsung ने भारत में Galaxy Forever प्रोग्राम पेश किया है. बता दें कि यह एक नया ओनरशिप प्रोग्राम है, जिसका सीधा मकसद अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन को ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है. यह ऑफर Galaxy S26 Ultra और Galaxy S26+ के लिए उपलब्ध कराया गया है. इस प्रोग्राम के तहत, अगर आप फोन को इस्तेमाल करके देखना चाहते हैं तो इसकी आधी कीमत को 12 महीने की नो कॉस्ट EMI देकर, ऐसा कर सकते हैं.
इसके साथ ही एक साल बाद एश्योर्ड बायबैक डील के जरिए शुरुआती कीमत में 50 प्रतिशत की छूट मिलती है. Samsung ने नए प्लान के तहत Galaxy S26 Ultra और S26 Plus पर 50 प्रतिशत बायबैक का ऑफर दिया है.
क्या है कंपनी का नया प्रोग्राम:
कंपनी ने एक प्रेस रिलीज में बताया कि गैलेक्सी फॉरएवर प्रोग्राम का लाभ जो लोग उठाते हैं उन्हें तीन ऑप्शन दिए जाते हैं. इसमें 12 महीने के बाद ग्राहक अपनी डिवाइस को वापस कर सकते हैं, अपने पास रख सकते हैं या अपग्रेड कर सकते हैं. इसमें बिना किसी सवाल के डिवाइस वापस करने का विकल्प भी शामिल है. इसका मतलब है कि अगर यूजर डिवाइस वापस करना चाहता है तो उससे कोई सवाल नहीं पूछा जाएगा. वहीं, जो लोग क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं, वे डिवाइस को वापस करके 50 प्रतिशत की एश्योर्ड बायबैक डील पा सकते हैं. इसके अलावा एक और डील मिलती है, जिसमें बाकी बचे हुए पैसे को चुकाकर फोन को अपने पास भी रख सकते हैं.
Samsung Finance+ का विकल्प भी है मौजूद:
Samsung ने यह भी बताया है कि जो लोग सैमसंग फाइनेंस+ का ऑप्शन चुनते हैं, वो डिवाइस को वापस करके किसी नए Galaxy फ्लैगशिप फोन में अपग्रेड कर सकते हैं. इसके अलावा 13वें महीने में बाकी बची 50% कीमत को चुकाकर डिवाइस को अपने पास रख सकते हैं.
इसके साथ ही 13 महीनों के लिए Samsung Care+ भी शामिल किया गया है. इसमें एक्सीडेंटल और लिक्विड डैमेज की कवरेज मिलती है. इसके साथ ही रिपेयर के लिए कोई भी अतिरिक्त चार्ज नहीं लगता है. बता दें कि इस कवरेज की कीमत 13,999 रुपये है. Galaxy Forever में शामिल होने के लिए ग्राहकों को एक साल तक हर महीने 749.92 रुपये की प्रोग्राम फीस देनी होगी.
जानें क्या है सैमसंग के नए फोन्स की कीमत:
Samsung Galaxy S26 Ultra की कीमत की बात करें तो इसके 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 1,39,999 रुपये है. इसकी ईएमआई 5,833.29 रुपये है. प्रोग्राम फीस को मिलाकर, कुल पेमेंट 6,583.21 रुपये हो जाता है. वहीं, Samsung Galaxy S26+ की शुरुआती कीमत 1,19,999 रुपये है. इसकी ईएमआई 4,999.96 रुपये है. प्रोग्राम फीस के बाद के बाद इसकी कीमत 5,749.88 रुपये हो जाती है.
















