रूसी तेल पर ट्रंप का यू-टर्न! पहले फोड़ा ‘टैरिफ बम’, भारत के लिए बताया जरूरी

ट्रंप प्रशासन अब भारत की रूसी तेल खरीद को जरूरी मान रहा है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत दुनिया में तेल कीमतें स्थिर रखने में बड़ा रोल निभा रहा है. ईरान युद्ध से तेल संकट के बीच अमेरिका का रुख बदला है.

0
7
trump
trump

ईरान के साथ चल रहे युद्ध से वैश्विक तेल बाजार में हलचल मची है और तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. ऐसे में अमेरिकी प्रशासन का रुख अचानक बदला नजर आ रहा है. जिस रूसी तेल की खरीद पर ट्रंप और उनके मंत्री भारत को कठघरे में खड़ा करते थे, अब वही खरीद जरूरी बताई जा रही है. अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भारत की तारीफ की और कहा कि भारत तेल कीमतें स्थिर रखने में अहम भूमिका निभा रहा है. ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि वे कुछ प्रतिबंध हटा रहे हैं ताकि वैश्विक तेल आपूर्ति बनी रहे.

अमेरिकी राजदूत की तारीफ

अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा कि भारत दुनिया में तेल कीमतें स्थिर रखने में बड़ा साथी है. उन्होंने कहा कि रूस से लगातार तेल खरीद इसी कोशिश का हिस्सा है. भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ता और रिफाइनर में शुमार है. अमेरिका और भारत मिलकर बाजार में स्थिरता लाने के लिए काम कर रहे हैं.

ट्रंप के बयान में बदलाव

डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा कि उनका प्रशासन तेल बाजार को स्थिर करने के लिए कुछ देशों पर लगे प्रतिबंध हटा रहा है. उन्होंने मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण तेल आपूर्ति में आई रुकावट को दूर करने का जिक्र किया. ट्रंप ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में शांति लौटने तक कुछ प्रतिबंध हटाए जा रहे हैं ताकि वैश्विक तेल सप्लाई बनी रहे.

पहले था सख्त रवैया

ट्रंप ने पहले रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर नाराजगी जताई थी. अप्रैल 2025 में भारत पर 25% टैरिफ लगाया गया, जिसे अगस्त में रूसी तेल खरीद के मुद्दे पर 50% कर दिया गया. अमेरिका ने इसे यूक्रेन युद्ध में पुतिन की मदद करार दिया था. ट्रंप के मंत्री भी भारत को कड़ी चेतावनी देते थे.

अब क्यों बदला रुख

ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध से तेल संकट गहराया है. ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर के पार पहुंच गया. ऐसे में अमेरिका को वैश्विक तेल आपूर्ति बढ़ाने की जरूरत है. भारत रूस से सस्ता तेल खरीदकर बाजार में संतुलन बनाए रख रहा है. ट्रंप प्रशासन अब इसे मजबूरी मान रहा है और भारत की भूमिका की सराहना कर रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here