‘मैं अपनी कैबिनेट को शी जिनपिंग की तरह बनाना चाहता हूं, कभी इतने डरे हुए अधिकारी नहीं देखे’, ट्रंप ने क्यों कहा ऐसा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कभी किसी को उतना डरा हुआ नहीं देखा, जितना चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ आए अधिकारियों को. ट्रंप ने मजाकिया लहजे में कहा कि वे अपनी कैबिनेट को भी उतना ही अनुशासित देखना चाहते हैं.

0
55
donald trump
donald trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. दक्षिण कोरिया के बुसान में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कभी इतने “डरे हुए” अधिकारियों को नहीं देखा. उन्होंने मजाक में कहा कि वे अपनी कैबिनेट को भी वैसा ही अनुशासित देखना चाहते हैं जैसा शी जिनपिंग की टीम है. ट्रंप का यह बयान हंसी-मजाक के लहजे में था, लेकिन चर्चा का विषय बन गया.

 बुसान में हुई मुलाकात

ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात बुसान, दक्षिण कोरिया में हुई. यह बैठक उस समय हुई जब दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव फिर से बढ़ गया था. ट्रंप ने बताया कि बैठक के दौरान छह चीनी अधिकारी शी जिनपिंग के पीछे एकदम सीधे खड़े थे. उन्होंने कहा कि उन सभी का अनुशासन और चुप्पी देखकर वे हैरान रह गए.

 ‘कभी नहीं देखे इतने डरे हुए लोग’

ट्रंप ने बताया कि उन्होंने एक अधिकारी से मजाक में बात करने की कोशिश की, लेकिन वह चुप रहा. उन्होंने दोबारा पूछा, “क्या तुम जवाब नहीं दोगे?” लेकिन वह फिर भी चुप ही रहा. ट्रंप ने कहा, “मैंने अपने जीवन में इतने डरे हुए लोग कभी नहीं देखे. वे सब सीधे खड़े थे, जैसे कुछ गलती हो जाएगी तो सजा मिल जाएगी.”

अपनी कैबिनेट से की तुलना

ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे अपनी कैबिनेट को भी वैसा ही अनुशासित देखना चाहते हैं जैसा शी जिनपिंग के अधिकारियों का व्यवहार था. उन्होंने कहा, “मेरी कैबिनेट में ऐसा अनुशासन नहीं है, सब अपनी बात कहते हैं.” उन्होंने माहौल को हल्का करते हुए उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस पर भी चुटकी ली.

 वेंस पर ट्रंप की चुटकी

ट्रंप ने कहा, “जे.डी. वेंस तो बातचीत के बीच में टपक पड़ते हैं, मुझे कुछ दिनों के लिए ही सही, ऐसा अनुशासन चाहिए.” उनके इस बयान पर दर्शकों में हंसी गूंज उठी. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी, जहां अधिकारी अपने राष्ट्रपति के सामने इतने सख्त और चुपचाप खड़े हों.

 बैठक को बताया ‘सकारात्मक’

हालांकि ट्रंप ने बाद में इस मुलाकात को बहुत सफल बताया. उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मेरी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात दोनों देशों के लिए शानदार रही. यह बैठक लंबे समय तक शांति और सफलता का रास्ता खोलेगी. ईश्वर चीन और अमेरिका दोनों पर कृपा करें.”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here