युवक ने लड़की से की मारपीट, फिर घायल अवस्था में अस्पताल पहुंची तो युवती के मुंह पर फेंका एसिड; आरोपी फरार

0
6

गुरुग्राम: गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए आई एक युवती पर केमिकल हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. लड़की के चेहरे के साथ-साथ शरीर के कई हिस्से बुरी तरह जल गए. प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया.

यह घटना गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में हुई, जहां नूंह की एक 24 साल की महिला सुभाष नगर इलाके में अपनी मौसी से मिलने आई थी. उसका पीछा कर रहा एक युवक भी सुभाष नगर पहुंच गया. इसके बाद कहासुनी हो गई, जो मारपीट तक पहुंच गई. 

कब किया एसिड अटैक?

इसके बाद पीड़िता को घायल हालत में गुरुग्राम के सेक्टर 10A सिविल अस्पताल लाया गया. फिर आरोपी युवक और उसके साथ आई एक महिला ने पीड़िता पर एसिड से हमला किया और मौके से भाग गए.

गुरुग्राम के सिविल हॉस्पिटल में हुई इस चौंकाने वाली घटना से अफरा-तफरी मच गई. पीड़िता को गंभीर हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. फर्स्ट एड के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया.

क्या थी झगड़े की वजह?

युवक और पीड़िता के बीच झगड़े की खास वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन मौके पर मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि युवक और महिला एक साथ आए थे और फिर अचानक इतनी जल्दी में युवक ने केमिकल फेंका और भाग गया. युवक के साथ आई महिला की पहचान अभी साफ नहीं है. हालांकि मौके पर पहुंची गुरुग्राम पुलिस ने सारे सबूत अपने कब्जे में ले लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है.

जांच अधिकारी SI अनिल ने क्या बताया?

जांच अधिकारी SI अनिल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पीड़िता और उसके परिवार के बयान दर्ज होने के बाद ही मामले की सही जानकारी पता चलेगी. उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ग्वालियर में भी हुई एसिड अटैक की घटना 

ऐसी ही एक एसिड अटैक की घटना ग्वालियर में हुई, जहां दहेज के झगड़े ने भयानक रूप ले लिया. आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी पर एसिड फेंक दिया. उस समय महिला अपनी चार महीने की बेटी को गोद में लिए हुए थी.  मां और बेटी दोनों एसिड के छींटों से झुलस गईं. उसे बचाने आए ससुर भी घायल हो गए. पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here