क्या अमेरिका ने ईरान के विरुद्ध शुरू कर दिया? अरब सागर में US नेवी ने ईरानी ड्रोन को किया ढेर

अरब सागर में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है.रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी नौसेना के एक एयरक्राफ्ट कैरियर के नजदीक पहुंचे ईरानी ड्रोन को US मिलिट्री ने मार गिराया.

0
11
US Navy

दिल्लीः अरब सागर में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है. अमेरिकी नौसेना के एक एयरक्राफ्ट कैरियर के नजदीक पहुंचे ईरानी ड्रोन को US मिलिट्री ने मार गिराया. यह ईरान का शहीद-139 ड्रोन था, जिसे अमेरिकी F-35 फाइटर जेट ने हवा में ही निशाना बनाकर गिरा दिया. इस घटना को क्षेत्र में बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि ईरान की तरफ से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

अमेरिकी युद्धपोत की ओर बढ़ रहा था ड्रोन

अमेरिकी नौसेना ने अरब सागर में एयरक्राफ्ट कैरियर के पास पहुंच रहे ईरानी ड्रोन को मार गिराया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह ड्रोन अमेरिकी युद्धपोत की ओर बढ़ रहा था, जिसे खतरे के तौर पर देखा गया. यह घटना तब सामने आई जब अमेरिका-ईरान के बीच तुर्की में इसी हफ्ते परमाणु समझौते पर बातचीत शुरू होने वाली है.

तेल टैंकर को जब्त करने की कोशिश की

एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी सशस्त्र नावों ने अमेरिका के झंडे वाले एक तेल टैंकर को जब्त करने की कोशिश की. विपक्ष समर्थित एक ईरानी समाचार एजेंसी ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि जब टैंकर इस रणनीतिक जलमार्ग में दाखिल हुआ तो उसे परेशान किया गया. रिपोर्ट में समुद्री सुरक्षा फर्म वैनगार्ड टेक का हवाला देते हुए कहा गया है कि 50-कैलिबर मशीन गन से लैस छह ईरानी गनबोट टैंकर के पास आईं और उसे अपने इंजन बंद करने और बोर्डिंग के लिए तैयार रहने का आदेश दिया.

अमेरिकी युद्धपोत ने एस्कॉर्ट किया

हालांकि, टैंकर ने अपनी गति बढ़ा दी और बाद में एक अमेरिकी युद्धपोत ने उसे एस्कॉर्ट किया. इससे पहले, यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस एजेंसी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के इनबाउंड ट्रैफिक जोन में ओमान से लगभग 16 नॉटिकल मील उत्तर में एक जहाज से जुड़ी घटना की रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की.

सैन्य ठिकानों पर दर्जनों विमान तैनात

पिछले महीने अमेरिका ने ईरान के आसपास अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है. एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के पास सैन्य ठिकानों पर दर्जनों विमान तैनात किए हैं. मध्य पूर्व क्षेत्र में या उसके आसपास लगभग एक दर्जन युद्धपोत तैनात किए हैं. अमेरिकी रक्षा अधिकारियों, सैटेलाइट तस्वीरों और ट्रैकिंग डेटा का हवाला देते हुए, रिपोर्ट बताती है कि ये कदम आने वाले हफ्तों में ईरान पर संभावित अमेरिकी हमले की नींव रख सकते हैं.

विश्वसनीय सैन्य विकल्प

वर्तमान और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों का हवाला देते हुए, रिपोर्ट में कहा गया है कि यह सैन्य जमावड़ा पिछले साल ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर हमलों से पहले की गई तैयारियों जितना बड़ा नहीं है, लेकिन यह अभी भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक विश्वसनीय सैन्य विकल्प प्रदान करता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here