नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को शुक्रवार, 9 अक्टूबर को ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर कांशीराम परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है।
किन रास्तों पर बदलेगा ट्रैफिक?
दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
कालिंदी कुंज से आने वाले वाहन: दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-37, अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर का रास्ता अपना सकते हैं।
महामाया फ्लाईओवर से डायवर्जन: एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर उन्हें सेक्टर-37 की ओर भेजा जा सकता है।
फिल्मसिटी फ्लाईओवर से बदलाव: दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 और 5 के पास जाम लगने पर वाहनों को सेक्टर-18 की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।
डीएनडी के पास जाम होने पर: नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों को सेक्टर-14A फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर भेजा जा सकता है।
कहां होगी पार्किंग की व्यवस्था?
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग तय की गई है। दिल्ली के चिल्ला और डीएनडी की ओर से आने वाले हल्के वाहन फिल्मसिटी की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। परीचौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर-95 में गंदा नाला के पास स्थित अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था है। वहीं, सेक्टर-60 और सेक्टर-18 की ओर से आने वाले लोग गार्डन गैलेरिया, सेक्टर-38A के पास पार्किंग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
घर से निकलने से पहले रखें ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और निकलने से पहले एडवाइजरी देखने की सलाह दी है। हालांकि, चिकित्सा और अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।












