पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर चोर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

0
6

मथुरा: रिफाइनरी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को रविवार देर रात सफलता मिली। रिफाइनरी पुलिस और एंटी रिवार्डेड टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान इटावा निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

कृष्णा वाटिका कॉलोनी में चोरी का मामला

पुलिस के मुताबिक, रिफाइनरी क्षेत्र की कृष्णा वाटिका कॉलोनी में 10 अक्टूबर की रात एक मकान में चोरी की वारदात हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान लालू उर्फ साहिल और सुधीर कुमार निवासी ग्राम खितौरा, थाना बकेवर, जनपद इटावा के नाम सामने आए। दोनों गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर मुठभेड़ और गिरफ्तारी

रविवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के मामले में वांछित दोनों आरोपी उसी कार से क्षेत्र में दोबारा वारदात करने के इरादे से आ रहे हैं। सूचना मिलते ही रिफाइनरी पुलिस और एंटी रिवार्डेड टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर कार सवारों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की पहचान और आगे की जांच

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान लालू उर्फ साहिल और सुधीर कुमार के रूप में हुई है। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here