मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर बनेगा। इसके लिए न्याय प्रक्रिया या आपसी बातचीत का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि यदि वह भी हमारे साथ कारसेवा करने आना चाहेंगे तो उनके साथ मिलकर भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनाएंगे। डिप्टी सीएम सोमवार को परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक में पहुंचे थे।
विधानसभा चुनाव में प्रमुख रहेगा श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुख रहेगा। सरकार का लक्ष्य गुंडागर्दी, अपराध और माफिया को समाप्त करना है। विकसित भारत के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को गुंडाराज, भ्रष्टाचार, अत्याचार और दंगों से मुक्ति चाहिए। जनता विकास, गरीब कल्याण और सबका साथ-सबका विकास चाहती है।
दलितों पर कथित टिप्पणी को लेकर सपा से मांगा जवाब
दलित सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव के कथित बयान को लेकर भी डिप्टी सीएम ने सपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दलितों को मूर्ख कहना उनका अपमान है। यह बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का भी अपमान है। अखिलेश यादव को इस मामले में दलित समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज भाजपा के साथ है और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
अखिलेश के लैपटॉप वाले बयान पर केशव मौर्य का पलटवार
अखिलेश यादव के ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ बयान पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव को लैपटॉप की बात करना शोभा नहीं देता। उन्हें कट्टे, बम, गुंडे, अपराधी, माफिया और दंगाइयों की बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्ष 2012 से 2017 तक सपा का शासन देख चुकी है। सपा न पिछड़ों की हितैषी है और न दलितों, गरीबों व महिलाओं की। यह केवल परिवार और अपराधियों का समर्थन करने वाली पार्टी है।











