दिल्ली में आज 21 रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट, CJP के तिरंगा मार्च से पहले एडवाइजरी जारी; घर से निकलने से पहले चेक करें रूट

0
9

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस अलर्ट है। राजधानी के मध्य हिस्से में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से लोगों को इन रास्तों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। ऐसे में अगर आप आज दिल्ली में कहीं आने-जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें।

दिल्ली के इन 21 रास्तों पर रहें सावधान

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, कस्तूरबा गांधी मार्ग, अशोक रोड (GPO से सी-हेक्सागन तक), तिलक मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा पहले से तय करने और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है। साथ ही, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

तिरंगा मार्च को लेकर पुलिस की अपील

CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में तिरंगा लेकर पहुंचने की अपील की है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन करना चाहती है।

दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए लोगों से मार्च से दूर रहने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने संकेत दिया है कि सीमित संख्या में लोगों को किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति दी जा सकती है।

दो दिन बंद रहेगा सेंट्रल पार्क

नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की जानकारी दी है। पुलिस से पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया गया है। ऐसे में कनॉट प्लेस जाने वाले लोगों को सलाह है कि वे ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें और जरूरत के मुताबिक अपने रास्ते में बदलाव करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here