नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए बयान पर सियासत तेज हो गई है। खड़गे के खिलाफ पटना में शिकायत दर्ज हुई है, तो वहीं बीजेपी ने सोमवार को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस नेता अपने अध्यक्ष का बचाव कर रहे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे पटना दौरे पर हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
इस पर भीड़ में से एक व्यक्ति ने कहा, ‘मोदी नहीं जाएंगे।’ इसी पर पलटवार करते हुए खड़गे ने कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’ इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया। बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है। आरोप है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सार्वजनिक मंच से पीएम और उनके पिता के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।
BJP सोमवार को फूंकेगी खड़गे का पुतला
बीजेपी ने इस बयान को अपमानजनक बताते हुए बड़े प्रदर्शन की तैयारी की है। पार्टी ने कहा है कि पीएम मोदी के स्वर्गीय पिता पर खड़गे की अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को सभी राज्यों की राजधानियों में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही 26 अक्टूबर की सुबह पटना के इनकम टैक्स चौराहे पर खड़गे का पुतला भी फूंका जाएगा।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि खड़गे के साथ यह दूसरी बार बदतमीजी हुई है। उन्होंने कहा, बिहार में भाषण के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता ने चिल्लाकर कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएगा, चाहे तुम्हारे पिता भी आ जाएं। इसके जवाब में खड़गे ने संघ और मोहन भागवत के संदर्भ में कहा था कि मोदी जरूर जाएंगे और उनके वैचारिक पिता भी जाएंगे। खेड़ा ने आरोप लगाया कि यह सब मोदी और शाह के इशारे पर हो रहा है।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी खड़गे का बचाव किया। उन्होंने कहा, इसमें गाली जैसा क्या है? यह बोलने का एक तरीका है। देवता भी जाएगा या बाप भी जाएगा कहना बेइज्जती नहीं है। बघेल ने कहा कि अमर्यादित भाषा की शुरुआत खुद पीएम ने की है, जो 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड, जर्सी गाय और मंगलसूत्र जैसी बातें कहते हैं।











