नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने के आरोप से सियासी विवाद तेज हो गया है। राहुल का दावा है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए राहुल पर निशाना साधा और उन्हें मानसिक जांच कराने की सलाह दे दी। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती भी दी। उनका कहना है कि इससे साफ हो सकेगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल है। कांग्रेस ने एक्स पर राहुल का एक वीडियो साझा किया है। इसमें वह कहते हैं कि प्रधानमंत्री को उनके बारे में जानकारी है, क्योंकि उनका फोन टैप करवाया गया है।
इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने राहुल गांधी से फोन टैपिंग को लेकर सवाल पूछा था। जवाब में राहुल ने अपने मोबाइल की ओर इशारा करते हुए कहा कि सारे सबूत इसी में हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि प्रधानमंत्री मोदी तक उनके बारे में जानकारियां किस तरह पहुंचती हैं। उन्होंने फोन टैपिंग का आरोप दोहराया।
पीएम मोदी पर स्क्रिप्ट से बोलने का आरोप
राहुल गांधी ने एक्स पर एक और वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर भाषण के लिए स्क्रिप्ट का सहारा लेने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि मंच और माहौल उनके पक्ष में होने के बावजूद प्रधानमंत्री को स्क्रिप्ट की जरूरत पड़ गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है दबाव उन पर हावी हो गया है।
भाजपा का पलटवार, मानसिक जांच कराने की सलाह
राहुल के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने फोन टैपिंग के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसी को राहुल गांधी का फोन टैप करने में दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी की दिलचस्पी है भी, तो वह यह समझने में होगी कि राहुल का दिमाग रोज झूठ पर क्यों चलता है। चंद्रशेखर ने कहा कि वह पूरे सम्मान के साथ राहुल को मानसिक परीक्षण कराने की सलाह देते हैं। भाजपा इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के साथ सार्वजनिक बहस करने की राहुल की मांग को भी खारिज कर चुकी है। दोनों दलों के बीच जुबानी टकराव एक बार फिर तेज हो गया है।












