द्वारका पुलिस का ‘नशे के सौदागरों’ पर प्रहार, 30 लाख की हेरोइन के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ द्वारका जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय युवक को 101 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जांच के दौरान जनकपुरी में एक विदेशी नागरिक से कथित नशा सप्लाई के तार जुड़ने की बात सामने आई है। द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि द्वारका दक्षिण थाने में 24 अक्टूबर को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत प्राथमिकी संख्या 323/2026 दर्ज की गई है।

नशामुक्त द्वारका अभियान के तहत रोहित गिरफ्तार

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर नशामुक्त द्वारका अभियान के तहत हरसुख अपार्टमेंट सेक्टर-1 द्वारका के पास जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान हरियाणा के गुरुग्राम जिले के उच्चा माजरा निवासी रोहित को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी बीकॉम अंतिम वर्ष का छात्र है और उसके खिलाफ फिलहाल कोई पुराना आपराधिक मामला सामने नहीं आया है।

पूछताछ में विदेशी सप्लायर और जयविंदर का नाम सामने आया

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हेरोइन लेने हरियाणा से दिल्ली आया था। उसने कथित तौर पर जनकपुरी में एक विदेशी नागरिक से नशीला पदार्थ प्राप्त किया था। इस कड़ी में जयविंदर नामक व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध सप्लायर और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक सतीश कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल और कांस्टेबल विनोद शामिल थे। अभियान एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी में चलाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here