BCCI की बड़ी बैठक आज, रोहित शर्मा के करियर से लेकर 2027 वर्ल्ड कप तक, कई अहम मुद्दों पर होंगे फैसले

0
6
Gautam Gambhir and Ajit Agarkar
X/@arshdeep3444

नई दिल्ली: बीसीसीआई आज मुंबई में एक बड़ी समीक्षा बैठक करने जा रहा है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था. इस बैठक में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के शामिल होने की उम्मीद है. कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक से जुड़ने की चर्चा है. बैठक में टीम के हालिया प्रदर्शन से लेकर 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी तक कई अहम मुद्दों पर मंथन होगा.

2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के भविष्य पर भी बात हो सकती है. विराट और जडेजा को लेकर फिलहाल स्थिति काफी हद तक स्पष्ट मानी जा रही है, लेकिन रोहित शर्मा लगातार चर्चा में बने हुए हैं. रोहित ने लॉर्ड्स वनडे में शानदार शतक जरूर लगाया, लेकिन इसके बावजूद अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए उनकी जगह पूरी तरह तय नहीं मानी जा रही. 

रिपोर्ट्स में यह दावा भी सामने आता रहा है कि चयन समिति के एक सदस्य ने रोहित को टीम की भविष्य की योजना के बारे में जानकारी दी थी. ऐसे में इस बैठक में रोहित के वनडे करियर को लेकर स्थिति साफ हो सकती है.

खिलाड़ियों की चोट और फिटनेस बनेगी बड़ा मुद्दा

भारतीय टीम के कई अहम खिलाड़ी लंबे समय से चोट की समस्या से जूझ रहे हैं. ऐसे में बैठक में इंजरी मैनेजमेंट को लेकर गंभीर चर्चा होने की संभावना है. अजीत अगरकर और गौतम गंभीर सीओई में रिहैब कर रहे खिलाड़ियों की फिटनेस और उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठा सकते हैं. हार्दिक पंड्या के अलावा जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों की फिटनेस टीम की चिंता बढ़ा रही है. 

अजीत अगरकर के कार्यकाल पर फैसला

चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त होने वाला है. हालांकि, समीक्षा बैठक में उनकी मौजूदगी से संकेत मिल रहे हैं कि बीसीसीआई विश्व कप तक उन्हें जिम्मेदारी में बनाए रखने पर विचार कर सकता है. बोर्ड की कोशिश टीम मैनेजमेंट, चयन समिति और सीओई के बीच बेहतर तालमेल बनाने की होगी, ताकि सभी एक ही योजना के अनुसार आगे बढ़ें.

हार्दिक पंड्या की फिटनेस सबसे बड़ी चिंता

2027 वनडे विश्व कप की तैयारी में हार्दिक पंड्या भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. हालांकि आईपीएल के बाद से उन्होंने कोई मुकाबला नहीं खेला है. वह बेंगलुरु में रहकर सीओई में ट्रेनिंग कर रहे हैं. टीम मैनेजमेंट यह जानना चाहता है कि उन्हें कब 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह फिट घोषित किया जाएगा.

आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे की हार से क्या सीख?

आईपीएल के बाद भारतीय टीम ने यूके का दौरा किया था, जहां उससे आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी. लेकिन टीम दोनों मोर्चों पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. अब इस नाकामी से सबक लेकर न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी पर जोर रहेगा. टीम मैनेजमेंट न्यूजीलैंड के लिए तेज गेंदबाजी में विकल्प बढ़ाना चाहता है. संभावित खिलाड़ियों में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरुनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और आकाशदीप शामिल हैं. खास बात यह है कि मोहम्मद शमी फिलहाल इस योजना का हिस्सा नजर नहीं आ रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here