बिहार में बाढ़ से हाहाकार, 14 जिले जलमग्न और 41 लाख लोग बेहाल

0
6
Bihar Flood Update
Pinterest

पटना: बिहार में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बता दें, राज्य के 14 जिलों में 41.45 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके साथ ही 84 प्रखंडों की 517 ग्राम पंचायतों में पानी भरने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है। कई नदियां अलग-अलग इलाकों में खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां 

भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर बुधवार सुबह 9 बजे 36.78 मीटर दर्ज किया गया। यह अगस्त 2021 में दर्ज किए गए 36.75 मीटर के पिछले उच्चतम बाढ़ स्तर से भी ज्यादा है। हालांकि, फिलहाल गंगा के जलस्तर में स्थिरता बताई जा रही है। गंगा के अलावा गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, पुनपुन, बागमती और घाघरा नदियां भी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर और बेगूसराय समेत कुल 14 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं।

नेपाल में बारिश से भी बढ़ा नदियों का जलस्तर

अधिकारियों के मुताबिक बिहार में पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके अलावा नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हुई भारी बारिश का असर भी बिहार की नदियों पर पड़ा है। इससे कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। सितंबर में अब तक राज्य में 83.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 24 फीसदी अधिक है।

राहत के लिए 793 सामुदायिक रसोई

बता दें, बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू किया है। 793 सामुदायिक रसोई के जरिए लोगों को खाना उपलब्ध कराया जा रहा है। 15 राहत शिविरों में 13,446 लोग रह रहे हैं, जहां भोजन, रहने और इलाज समेत जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। वहीं लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवाजाही के लिए 1,872 नावें लगाई गई हैं। इसके अलावा करीब 29,400 सूखे राशन के पैकेट, 5,464 क्विंटल पशु चारा और लगभग 2,000 पॉलीथिन शीट वितरित की गई हैं।

फसल नुकसान का होगा सर्वे

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को बाढ़ से प्रभावित इलाकों में फसलों को हुए नुकसान का जल्द आकलन करने के निर्देश दिए हैं। किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठाने को भी कहा गया है। बचाव अभियान के लिए 27 SDRF और 10 NDRF टीमें अलग-अलग जिलों में तैनात हैं। अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here