नई दिल्ली: टीवी के चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 20 का पहला हफ्ता काफी ड्रामा और विवादों से भरा रहा. घर में कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती के साथ-साथ कई बार तीखी बहस भी देखने को मिली. अब पहले वीकेंड का वार में सलमान खान पूरे हफ्ते की घटनाओं पर बात करते नजर आएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ कंटेस्टेंट्स को उनकी हरकतों के लिए सलमान की फटकार भी सुननी पड़ सकती है.
आसिफ और काजी की लड़ाई पर होगी चर्चा
पहले हफ्ते में आसिफ खान और काजी तौकीर के बीच हुआ विवाद काफी चर्चा में रहा. दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई थी कि मामला हाथापाई तक पहुंचने की स्थिति में आ गया था. इस दौरान आसिफ ने काजी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था. बाद में उन्होंने अपनी बात के लिए माफी भी मांगी.
बताया जा रहा है कि वीकेंड का वार में सलमान इस पूरे मामले पर दोनों से सवाल कर सकते हैं. काजी के कैमरे के सामने किए गए कुछ मजेदार एक्ट और मेडिकल रूम से जुड़ा उनका वीडियो भी चर्चा में आ सकता है.
माही विज के कमेंट पर भी सवाल
शो के पहले हफ्ते में माही विज के कुछ बयानों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा. खासकर तलाकशुदा महिलाओं को लेकर उनके कमेंट पर चर्चा हुई. ऐसे में सलमान इस मुद्दे पर भी अपनी राय रख सकते हैं और कंटेस्टेंट को अपनी भाषा और व्यवहार को लेकर समझा सकते हैं.
पुराने कंटेस्टेंट्स की यादों से हुआ इमोशनल माहौल
बिग बॉस के 20 साल पूरे होने के मौके पर पुराने सीजन की कुछ झलकियां भी दिखाई गईं. बिग बॉस 13 में सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल से जुड़ी क्लिप ने घरवालों को भावुक कर दिया. कई कंटेस्टेंट्स की आंखों में आंसू आ गए.
पहले हफ्ते नहीं होगा कोई एलिमिनेशन
इस वीकेंड का वार की एक खास बात यह है कि पहले हफ्ते किसी कंटेस्टेंट को घर से बाहर नहीं किया जाएगा. यानी सभी प्रतियोगियों को अपना गेम सुधारने और दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने का एक और मौका मिलेगा.
आने वाले दिनों में घर के अंदर दोस्ती और ग्रुप बदलने की भी संभावना है. अब देखना होगा कि सलमान की फटकार के बाद कौन अपना गेम बदलता है और कौन विवादों में आगे भी बना रहता है.












