नई दिल्ली: आजकल नया फोन खरीदने की जगह बहुत से लोग पुराना फोन खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं, और इसी वजह से सेकंड हैंड फोन का बाजार भी दिन-ब-दिन बड़ा होता जा रहा है। चाहे आप ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से फोन खरीद रहे हों या किसी लोकल दुकान से, बिना सही जांच के डील फाइनल करना आपको भारी पड़ सकता है। खासकर फोन की स्क्रीन को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही वह हिस्सा है जिससे आपका रोज़मर्रा का वास्ता पड़ता है।
किसी भी स्मार्टफोन की जान उसकी डिस्प्ले में बसती है। कॉल करने से लेकर वीडियो देखने तक, हर काम इसी स्क्रीन के जरिए होता है। ऐसे में अगर सेकंड हैंड फोन लेते वक्त स्क्रीन को ठीक से नहीं देखा जाए, तो हो सकता है कि आपके हाथ में एक खराब डिस्प्ले वाला फोन आ जाए। इसलिए सिर्फ फोन की बॉडी देखकर संतुष्ट हो जाना सही नहीं है, क्योंकि बाहर से फोन बिल्कुल सही दिखने पर भी स्क्रीन में छिपी खराबी का पता नहीं चलता।
क्या होता है स्क्रीन बर्न?
लंबे समय तक इस्तेमाल होने वाले फोन की डिस्प्ले में कुछ पिक्सेल धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि स्क्रीन पर किसी पुराने ऐप, आइकन या इमेज की हल्की झलक हमेशा के लिए नजर आने लगती है। इसे ही स्क्रीन बर्न कहते हैं। यह दिक्कत कई बार इतनी मामूली होती है कि आम इस्तेमाल के दौरान आसानी से पकड़ में नहीं आती, इसलिए फोन खरीदते समय इसे खास तौर पर जांचना चाहिए।
घर बैठे ऐसे करें स्क्रीन की जांच
स्क्रीन की हालत जांचने का तरीका बहुत आसान है। बस अपने या दुकानदार के फोन में YouTube खोलें और वहां White Screen Test या Grey Screen Test सर्च करके कोई वीडियो चला दें। जैसे ही वीडियो शुरू होगा, पूरी स्क्रीन एक जैसे रंग में बदल जाएगी। अब ध्यान से देखें कि कहीं कोई दाग, अलग रंग का हिस्सा या किसी पुराने आइकन की परछाई तो नहीं दिख रही। अगर ऐसा कुछ नजर आता है, तो समझ जाइए कि डिस्प्ले में गड़बड़ी है।
यह छोटी-सी तरकीब अपनाकर आप कुछ ही मिनटों में फोन की स्क्रीन की असली हालत जान सकते हैं। इससे न सिर्फ आपके पैसे बचेंगे, बल्कि खराब डिस्प्ले वाला फोन खरीदने की गलती से भी आप आसानी से बच जाएंगे।












