नई दिल्ली: मानसून के आखिरी दौर में मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने आज 21 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की चेतावनी भी दी गई है। पूर्वी राज्यों में वज्रपात और बिजली गिरने का खतरा है। भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, इसलिए पहाड़ी राज्यों में यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर देख लें।
निम्न दाब क्षेत्र का असर
पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर पर बने निम्न दाब क्षेत्र के कारण अगले कुछ दिनों में कई जगह भारी बारिश हो सकती है। 22 से 24 तारीख तक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, 22 से 25 तक दक्षिणी ओडिशा, 23 से 25 तक छत्तीसगढ़ और तेलंगाना तथा 24-25 तारीख को विदर्भ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25-26 सितंबर को गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश हो सकती है। बाकी हिस्सों में छिटपुट बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। दिल्ली में आज बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी आ सकती है। हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल तथा जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब में कोई खास चेतावनी नहीं है।
पूर्वी और मध्य भारत में अलर्ट
झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल में 21 से 26 सितंबर तक बारिश की अच्छी संभावना है। बिहार में व्यापक बारिश हो सकती है। ओडिशा में 21-22 तारीख को आंधी-तूफान और 40-60 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश का अलर्ट है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
असम, मेघालय, नागालैंड समेत पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक बारिश और आंधी की चेतावनी है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। दक्षिण में रायलसीमा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है।
प्रमुख शहरों का तापमान
दिल्ली में अधिकतम 34 और न्यूनतम 24 डिग्री, मुंबई 32-26, चेन्नई 33-27, कोलकाता 33-27, लखनऊ 34-26, पटना 33-27, रांची 27-23, भोपाल 30-23, जयपुर 35-24, शिमला 24-15 और नैनीताल 24-17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की सलाह है कि अलर्ट वाले इलाकों में सतर्क रहें और अपडेट्स पर नजर रखें।












