बिहार में फिर शर्मनाक कांड, किशनगंज में युवती को घेरकर बदसलूकी, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

0
5
Bihar: Young woman surrounded and harassed in Kishanganj; video goes viral
X/ @ifarhanazad

पटना: बिहार में महिलाओं और लड़कियों के साथ बदसलूकी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जमुई और समस्तीपुर के बाद अब किशनगंज से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। 52 सेकंड के इस वायरल वीडियो में लड़कों का एक झुंड एक युवती को घेरकर उससे बदतमीजी और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वहीं अब इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है और मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है। किशनगंज पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश के लिए SIT का गठन कर छापेमारी की जा रही है।

कहां हुई ये घटना 

यह घटना दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में कई युवक एक युवती को घेरकर खड़े हैं और उससे सवाल-जवाब कर रहे हैं। वीडियो में एक युवक जबरन युवती का हाथ पकड़ता भी नजर आ रहा है। वहीं बाइक पर बैठा एक युवक भी दिख रहा है, जो युवती का परिचित बताया जा रहा है। झुंड में शामिल लड़के उस युवक से भी पूछताछ कर रहे हैं। उससे धर्म और युवती के साथ होने की वजह पूछी जा रही है। प्रेम संबंध को लेकर भी सवाल किए जा रहे हैं, जिस पर युवक हाथ के इशारे से इनकार करता दिख रहा है।

जांच में क्या आया सामने 

शुरुआत में इस वीडियो को छेड़खानी से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ और ही सामने आया है। एसपी संतोष कुमार के अनुसार, यह वीडियो करीब चार से पांच महीने पुराना है। जांच में पता चला है कि युवती अपनी बहन के साथ अपने एक दोस्त से मिलने गई थी, हालांकि वीडियो में उसकी बहन नहीं दिख रही है।

एक आरोपी गिरफ्तार, चार से पूछताछ जारी 

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने रात में ही कार्रवाई शुरू कर दी और दिघलबैंक थाने में केस दर्ज किया गया। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही मामले पर एक्शन लेते हुए शुक्रवार रात तकनीकी जांच और सबूतों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी शहजाद, निवासी जागीर दहीभात को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने अन्य चार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी हो रही है। एसपी ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के वीडियो शेयर न करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here