'जादू मत करो, सुरक्षित चलो', ट्रैफिक पुलिस देखते ही बाइक पर 3 से हो गए 2 सवार, पुलिसकर्मी ने दिया सेफ्टी का पाठ

0
13

नई दिल्ली: सड़क पर सामने पुलिस वाला दिख जाए, तो अच्छे-अच्छों के दिल की धड़कन तेज हो जाती है। लेकिन इस वीडियो में एक शख्स ने पुलिस को देखते ही ऐसी सफाई से ‘जादू’ दिखाया कि बाइक पर बैठे तीन लोग अचानक दो रह गए। उसे उम्मीद थी कि इस तरकीब से बच निकलेगा, लेकिन कॉन्स्टेबल की पैनी नजर से उसकी यह चाल छिप नहीं पाई, और फिर जो हुआ, वह देखने लायक है।

घटना उस वक्त की है, जब सड़क पर भारी ट्रैफिक के बीच एक ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल की नजर तीन सवारियों वाली एक बाइक पर पड़ी। जैसे ही कॉन्स्टेबल उनकी दिशा में बढ़ा, बाइक पर बैठे लोगों की गिनती अचानक बदल गई। आखिर तीसरा व्यक्ति कहां गायब हो गया, यहीं से शुरू होता है इस पूरे वीडियो का दिलचस्प मोड़।

चुपचाप खिसकने की कोशिश नाकाम

पुलिसकर्मी के करीब पहुंचते ही बाइक पर बैठा एक व्यक्ति फौरन नीचे उतरकर ऐसे चलने लगा, जैसे उसका उस बाइक से कोई नाता ही नहीं। शायद उसे लगा कि इस तरह वह आसानी से पुलिस की नजरों से बच निकलेगा। लेकिन कॉन्स्टेबल पहले ही उसकी हरकत भांप चुका था। उसने तुरंत उस शख्स को रोककर हंसते हुए पूछा कि अभी तो बाइक पर तीन लोग थे, अचानक दो कैसे रह गए।

यहीं से वीडियो और दिलचस्प हो जाता है। कॉन्स्टेबल ने उस शख्स की तरकीब पकड़ने के बाद सीधे चालान काटने के बजाय उसे समझाया कि तीन लोगों के साथ बाइक पर सफर करने की जगह वह ऑटो का इस्तेमाल करे। यानी पुलिस से बचने के लिए अपनाई गई यह छोटी सी चाल आखिरकार काम नहीं आई।

हेलमेट पहनाकर दिया सुरक्षा का सबक

वीडियो का सबसे खास हिस्सा इसके बाद आता है, जब कॉन्स्टेबल ने बाइक चालक को खुद अपने हाथों से सही तरीके से हेलमेट पहनाया और उसे सुरक्षित सफर की अहमियत समझाई। यानी नियम तोड़ने की चाल पकड़ने वाला यह पुलिसकर्मी आखिर में सड़क सुरक्षा का संदेश देता नजर आया। यह वीडियो ट्रैफिक कॉन्स्टेबल नितिन के इंस्टाग्राम अकाउंट @thenitinmavi से शेयर किया गया था, जिसमें उन्होंने कैप्शन में लिखा कि जादू मत करो, सुरक्षित चलो।

वीडियो पर उमड़ा लोगों का प्यार

पोस्ट होते ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया और अब तक इसे 24 लाख से ज्यादा व्यूज और 47 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग कॉन्स्टेबल के अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने इसे जागरूकता फैलाने का विनम्र तरीका बताया, तो दूसरे ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि यह जादू नहीं, बल्कि पुलिस के खौफ का ही असर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here