नई दिल्ली: नवरात्रि आते ही सबसे बड़ी टेंशन होती है गरबा खेलने के लिए एक अच्छा पार्टनर ढूंढना। लेकिन गुजरात के एक शख्स ने इस समस्या का ऐसा मजेदार और अनोखा हल निकाला है, जिसे देखकर इंटरनेट पर लोग हैरान भी हुए और खूब हंसे भी। खास बात यह है कि यह कोई मुफ्त सर्विस नहीं, बल्कि एक पूरा पैसे वाला बिजनेस आइडिया है। इंस्टाग्राम यूजर कृष मिस्त्री ने हाल ही में एक पोस्ट शेयर करके अपने “गरबा पार्टनर किराए पर लें” प्लान की जानकारी दी। इस सर्विस में उन्होंने तीन अलग-अलग पैकेज रखे हैं- सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम, ताकि हर बजट वाले लोगों को डांस फ्लोर पर साथी मिल सके।
तीन पैकेज में क्या-क्या मिलेगा
सबसे सस्ता सिल्वर पैकेज 1,000 रुपये का है, जिसमें दो घंटे तक गरबा खेलना, दोनों के लिए मैचिंग कपड़े, बेसिक डांस स्टेप्स सिखाना और साथ में क्यूट सेल्फी लेना शामिल है। इसके बाद आता है गोल्ड पैकेज, जिसकी कीमत 1,500 रुपये रखी गई है। इसमें चार घंटे का गरबा, दोनों की मुलाकात की एक बनावटी लेकिन मजेदार कहानी और सोशल मीडिया पर शेयर करने लायक वीडियो शामिल हैं।
सबसे महंगा प्लैटिनम पैकेज 2,000 रुपये का है, जो पूरे दिन का गरबा एक्सपीरियंस देता है। इसमें कार्यक्रम खत्म होने के बाद माथे पर किस, दुपट्टा और झुमके ठीक करने में मदद, और ग्राहक को सुरक्षित घर तक छोड़ने की सुविधा भी शामिल की गई है।
लोगों ने दिया जबरदस्त रिएक्शन
मिस्त्री ने अपनी पोस्ट में लोगों से कमेंट सेक्शन में आवेदन करने की भी अपील की, जिसके बाद एक मजाक जैसा लगने वाला यह आइडिया धीरे-धीरे एक पूरी सर्विस लिस्ट में बदल गया। इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट खूब वायरल हुई और लोगों ने इसे नए जमाने का साइड बिजनेस बताया। कुछ यूजर्स ने मजाक में इसे नौकरी का नया जरिया बताया, तो कुछ ने खुद और अपने दोस्तों के लिए भी आवेदन करने की बात पूछ डाली।
कई लोगों ने इसमें सच में दिलचस्पी दिखाई और कमेंट में लिखा कि वे इसके लिए साइन अप करना चाहते हैं। नवरात्रि के मौके पर गरबा नाइट्स, मैचिंग आउटफिट्स और रील्स का क्रेज एक बार फिर लौट आया है, और शायद यह डांस फ्लोर पर किसी को अकेला महसूस न होने देने का सबसे नया और यूनीक तरीका है।












