गुरुग्राम में MCG की कचरा सफाई मशीन का वीडियो वायरल, यूजर्स बोलें – ऑटोमैटिक के नाम पर ये क्या?

0
5

नई दिल्ली: गुरुग्राम नगर निगम ने शहर की सड़कों को साफ रखने के लिए एक नई मशीन लॉन्च की है, लेकिन लॉन्च होते ही यह मशीन चर्चा और बहस का मुद्दा बन गई है। यही वजह है कि अब एमसीजी के लोगो वाली सफेद रंग की इस छोटी मशीन का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग इसकी कार्यक्षमता पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए जानते है।

वायरल वीडियो में क्या?

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सफाई कर्मचारी स्कूटर जैसी दिखने वाली इस मशीन को सड़क किनारे चला रहा है। इस दौरान फुटपाथ के पास प्लास्टिक, कागज और रैपर का कचरा बिखरा पड़ा है। कर्मचारी हाथ में मशीन का सक्शन पाइप लेकर कचरे को खींचने की कोशिश करता है। दो-तीन बार कोशिश के बाद पाइप कचरे को अंदर खींच लेता है।

वहीं वीडियो के साथ पोस्ट पर कैप्शन में लिखा गया कि “गुरुग्राम नगरपालिका ने सड़कों को साफ रखने के लिए ऑटोमैटिक कचरा सफाई मशीन शुरू की है। बस यही शब्द ‘ऑटोमैटिक’ लोगों के निशाने पर आ गया है। यूजर्स का कहना है कि जब मशीन को चलाने और कचरे तक पाइप ले जाने के लिए एक आदमी की जरूरत पड़ रही है, तो इसे ऑटोमैटिक कैसे कहा जा सकता है।

यूजर ने जमकर किए कमेंट्स 

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “ऑटोमैटिक मशीन में इतना सारा मैनुअल काम है, तो यह ऑटोमैटिक कहां से हुई?” दूसरे ने लिखा, “अगर ये ऑटोमैटिक है तो आदमी मैनुअल काम क्यों कर रहा है? और बड़े गत्ते इस छोटे वैक्यूम क्लीनर में कैसे आएंगे?”

इतना ही नहीं कुछ लोगों ने मशीन के साइज पर भी सवाल उठाए है। उनका कहना है कि गुरुग्राम में जगह-जगह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे होते हैं, ऐसे में इतनी छोटी मशीन से कितनी सफाई हो पाएगी। हालांकि कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने नगर निगम के प्रयास की सराहना भी की, लेकिन ज्यादातर का मानना है कि नाम के साथ भ्रम नहीं फैलाना चाहिए। फिलहाल एमसीजी की ओर से इस विवाद पर कोई सफाई नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here