
नई दिल्ली: दिल्ली के पाहरगंज इलाके में सोमवार देर रात अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ से सनसनी फैल गई। विशेष स्टाफ मध्य जिला की टीम ने फायरिंग की वारदात में शामिल दो कथित बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ मट्ठी (27) और मुकेश उर्फ चिनू (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने पुलिस टीम को देखते ही चार गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान जॉइंट सीपी सेंट्रल रेंज मधुर वर्मा ने बताया कि कार्रवाई पहाड़गंज थाना क्षेत्र में करनैल सिंह स्टेडियम के गेट नंबर-2 के पास चेम्सफोर्ड रोड से रिजर्वेशन रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार चार जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जुलूस में हुई फायरिंग से शुरू हुई तलाश
मामले की कहानी 13 सितंबर 2026 को शुरू हुई जब सदर बाजार थाना क्षेत्र में बाबा रामदेव जी के जुलूस के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच विवाद सामने आया। पुलिस के मुताबिक मोटिया खान स्थित राम कुमार मार्ग के पास विकास कालिया गुट के कुछ सदस्यों ने कथित तौर पर फायरिंग की थी। करीब तीन से चार गोलियां चलने की बात सामने आई, जिसमें जुलूस में मौजूद एक व्यक्ति के बाएं हाथ में गोली लगी थी। इस मामले में 15 सितंबर को सदर बाजार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों तक पहुंचने के लिए विशेष स्टाफ मध्य जिला की टीम गठित की गई। निरीक्षक संदीप यादव के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू की।
खुफिया सूचना ने खोल दिया ठिकाने का राज
पुलिस के मुताबिक लगातार जांच के दौरान आकाश उर्फ मट्ठी और मुकेश उर्फ चिनू की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद दोनों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। 28 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों चोरी की मोटरसाइकिल से पाहरगंज इलाके में पहुंचने वाले हैं और उनके पास हथियार हो सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने करनैल सिंह स्टेडियम के पास जाल बिछाया। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। मुखबिर ने उनकी पहचान आकाश और मुकेश के रूप में की। पुलिस के अनुसार टीम को देखते ही दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली सिर के पास से निकली, दूसरी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी
मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तरफ से कुल चार राउंड फायर किए गए। इनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल मोहित के सिर के बेहद करीब से निकल गई जबकि दूसरी गोली हेड कांस्टेबल राजवीर की पहनी हुई बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली आकाश के दाहिने पैर और दूसरी मुकेश के बाएं पैर में लगी। दोनों को काबू में लेकर गिरफ्तार किया गया और पुलिस निगरानी में अस्पताल भेजा गया।
हथियार कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्तौल दो जिंदा कारतूस, एक देशी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा एक चोरी की मोटरसाइकिल भी मिली। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल के चोरी होने की पुष्टि 31 अगस्त 2026 को दर्ज मामले से हुई है।
आकाश पर 13 मुकेश पर 7 मामले दर्ज होने का दावा
पुलिस के मुताबिक आकाश उर्फ मट्ठी पहले से 13 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। इनमें लूट, हथियार कानून, झपटमारी और चोरी से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं मुकेश उर्फ चिनू के खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं जिनमें हत्या के प्रयास, गैर इरादतन हत्या, लूट, झपटमारी और चोरी जैसे मामले शामिल हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एक फायरिंग दो मकान चोरी और एक मोटरसाइकिल चोरी समेत चार मामलों के खुलासे की बात कही है। पुलिस के अनुसार दोनों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











