मुंबई: अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ कल यानी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। गांधी जयंती के मौके पर आ रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। वहीं रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग के आंकड़े बता रहे है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा कलेक्शन करने वाली है, जिसके बाद से फैंस के बीच एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
ट्रेड पंडितों का मानना है कि फिल्म का यह तीसरा और आखिरी पार्ट पहले ही दिन 50 करोड़ रुपये तक की नेट कमाई कर सकता है। जिस तेजी से टिकटों की बिक्री हो रही है, उससे साफ है कि फिल्म साल की सबसे बड़ी ओपनर्स में से एक बनने वाली है।
साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
एडवांस बुकिंग की रफ्तार को देखते हुए ‘दृश्यम 3’ साल 2026 की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग बनने जा रही है। इस लिस्ट में यह सिर्फ ‘धुरंधर 2’ से पीछे रहेगी। अगर फिल्म 50 करोड़ का आंकड़ा पार करती है तो यह ‘मिर्जापुर: द मूवी’ (28.11 करोड़) और ‘बॉर्डर 2’ (32.10 करोड़) जैसी बड़ी फिल्मों की ओपनिंग से काफी आगे निकल जाएगी।
अब तक बिक चुकी 5 लाख से ज्यादा टिकट्स
गुरुवार सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों की बात करें तो फिल्म ने एडवांस सेल में ही 19.75 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया था। ओपनिंग डे के लिए देशभर में 12 हजार से ज्यादा शोज में 5.35 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ब्लॉक सीटों को मिलाकर फिल्म ने तीन दिन के वीकेंड के लिए भारत में एडवांस बुकिंग से 36.25 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
विदेशों में भी जबरदस्त क्रेज
खास बात है कि फिल्म का जलवा सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी देखने को मिल रहा है। ओवरसीज मार्केट में ओपनिंग डे के लिए प्री-सेल से 3 करोड़ से ज्यादा की कमाई हो चुकी है, जबकि वीकेंड का एडवांस ग्रॉस कलेक्शन 5 करोड़ के पार पहुंच गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि रिलीज से पहले ग्लोबल प्री-सेल्स 50 करोड़ तक पहुंच जाएगी, जिससे वीकेंड धमाकेदार होना तय है।
टूटा ‘दृश्यम 2’ का रिकॉर्ड
वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की पकड़ काफी मजबूत हो गई है। आखिरी दिन की बुकिंग खत्म होने से पहले ही ओपनिंग डे का ग्रॉस कलेक्शन 20 करोड़ के करीब पहुंच चुका है। अभी विंडो बुकिंग बाकी है, ऐसे में 50 करोड़ नेट ओपनिंग पक्की मानी जा रही है। इस मामले में फिल्म ने ‘दृश्यम 2’ के एडवांस बुकिंग के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
बता दें, फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में लौट रहे हैं, जो अपने परिवार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और इशिता दत्ता अहम रोल में नजर आएंगे।












