नई दिल्ली: टेक्नोलॉजी अब सिर्फ कॉल करने, म्यूजिक सुनने या वीडियो देखने तक सीमित नहीं रह गई है। अब ऐसे डिवाइस भी सामने आ रहे हैं, जो इंसानी दिमाग की गतिविधियों को समझने की कोशिश करते हैं। न्यूराबेल नाम की कंपनी ने Naurable One नाम का एक खास हेडफोन पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, यह हेडफोन यूजर के ब्रेन सिग्नल को मॉनिटर कर सकता है और यह पता लगाने में मदद करता है कि व्यक्ति कब फोकस कर रहा है और कब उसका ध्यान भटक रहा है।
Naurable One को खासतौर पर स्टूडेंट्स और रिसर्च से जुड़े लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें नायलॉन ईयरकप्स के अंदर 12 EEG सेंसर लगाए गए हैं। ये सेंसर ब्रेन की इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी को रिकॉर्ड करने का काम करते हैं। अगर पढ़ाई या किसी दूसरे काम के दौरान यूजर का ध्यान भटकता है, तो हेडफोन उसे अलर्ट कर सकता है। इसका उद्देश्य यूजर को दोबारा अपने काम पर ध्यान लगाने में मदद करना है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि यह तकनीक दिमाग में चल रहे विचारों को सीधे पढ़ने का दावा नहीं करती।
मेडिटेशन में भी आएगा काम
इस डिवाइस का इस्तेमाल सिर्फ पढ़ाई या काम के दौरान ही नहीं किया जा सकता। कंपनी के अनुसार, इसे मेडिटेशन के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। हेडफोन यूजर के फोकस और रिलैक्सेशन से जुड़े संकेतों को ट्रैक करने की कोशिश करता है। इसके साथ आने वाला मोबाइल ऐप ब्रेन से जुड़े कई मेट्रिक्स को ट्रैक करेगा। इनमें फोकस, वर्कलोड, स्ट्रेस, स्लीपीनेस और ब्रेन एज जैसे मापदंड शामिल हैं।
हेडफोन ब्रेन सिग्नल को मॉनिटर जरूर करता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह किसी व्यक्ति के झूठ बोलने की पहचान कर सकता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, Naurable One का मुख्य फोकस एकाग्रता और ब्रेन एक्टिविटी की निगरानी पर है। इसलिए इसे अभी ‘लाई डिटेक्टर’ कहना सही नहीं होगा।
कीमत और दूसरे फीचर्स
Naurable One की कीमत 499 अमेरिकी डॉलर रखी गई है और अमेरिका में इसकी बिक्री शुरू होने की जानकारी दी गई है। इसमें 40mm बेरिलियम ड्राइवर्स, छह माइक्रोफोन, ANC और ट्रांसपेरेंसी मोड जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। EEG सेंसर बंद करके इसे सामान्य हेडफोन की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
कंपनी के मुताबिक, EEG एक्टिव रहने पर बैटरी करीब 12 घंटे तक चल सकती है। कंपनी ने यह भी कहा है कि यूजर का डेटा सुरक्षित रखा जाएगा और उसे किसी थर्ड पार्टी को बेचा नहीं जाएगा।












