नई दिल्ली: सोच रहे होंगे कंडोम और मलेशिया का क्या कनेक्शन? जवाब है – रबर। दुनिया में सबसे ज्यादा कंडोम मलेशिया में बनते हैं और इसकी वजह कोई संयोग नहीं, बल्कि 150 साल पुराना रबर उद्योग है।
दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी भी यहीं है
मलेशिया में करेक्स नाम की कंपनी है जो दुनिया में कंडोम बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी मानी जाती है। ये अकेले ही हर साल 5 अरब से ज्यादा कंडोम बनाती है। इसके अलावा भी यहां कई और कंपनियां हैं जो बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन करती हैं। लेकिन सवाल ये है कि आखिर मलेशिया को ही क्यों चुना गया?
वजह 1: रबर की भरपूर सप्लाई
मलेशिया में रबर के पेड़ों की खेती बहुत बड़े स्तर पर होती है। यहां दुनिया में सबसे ज्यादा प्राकृतिक रबर पैदा होता है। कंडोम लेटेक्स से बनता है और लेटेक्स सीधे रबर के पेड़ से मिलता है।
स्थानीय स्तर पर ही हाई क्वालिटी का कच्चा लेटेक्स मिल जाने से शिपिंग का खर्च बच जाता है। साथ ही फैक्ट्रियों के लिए कच्चा माल कभी खत्म नहीं होता। इसी वजह से यहां बड़े-बड़े प्लांट लगाना सबसे फायदे का सौदा बना।
वजह 2: आदर्श जलवायु और 150 साल का अनुभव
मलेशिया की उष्णकटिबंधीय जलवायु रबर के पेड़ों के लिए बिल्कुल परफेक्ट है। इसी मौसम में रबर के पौधे सबसे अच्छे से बढ़ते हैं। पीढ़ियों से यहां रबर की खेती और प्रोसेसिंग का काम हो रहा है। 1921 में यहां रबर प्रोडक्ट इंडस्ट्री की शुरुआत टायर, ट्यूब, जूते और रबर बैंड से हुई थी।
धीरे-धीरे स्किल्ड कारीगर और इंजीनियर तैयार हुए जो बिना डिफेक्ट के सटीक क्वालिटी का कंडोम बना सकते हैं। इतने लंबे एक्सपीरियंस की वजह से यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर भी पूरी तरह तैयार है।
आज मलेशिया बना रबर प्रोडक्ट्स का हब
अब मलेशिया सिर्फ कंडोम ही नहीं, बल्कि रबर के दस्ताने और कैथेटर का भी दुनिया का सबसे बड़ा निर्यातक है। यहां बनने वाले रबर प्रोडक्ट्स 140 से ज्यादा देशों में भेजे जाते हैं।
कच्चा माल, सस्ती लागत, कुशल मैनपावर और पुराना एक्सपीरियंस – इन सब वजहों से मलेशिया कंडोम मैन्युफैक्चरिंग में नंबर 1 बना हुआ है। कह सकते हैं कि मलेशिया की पहचान रबर से शुरू हुई और आज उसी रबर ने उसे ग्लोबल हेल्थ प्रोडक्ट्स का सबसे बड़ा सेंटर बना दिया।












