'मुझे बदल दिया इस शहर ने', तीसरी बार बनारस आई अमेरिकी यूट्यूबर, मिला आध्यात्मिक ज्ञान का खजाना

0
6

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे पुराने जीवित शहरों में शुमार बनारस ऐसी जगह है, जहां लोग मोक्ष की तलाश में आते हैं। लेकिन एक अमेरिकी ट्रैवलर के लिए यह शहर सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि उनकी पूरी जिंदगी देखने का नजरिया ही बदल गया। यूट्यूबर जेसिका सवानो तीसरी बार काशी पहुंचीं, और इस बार का अनुभव इतना गहरा था कि उनका बनाया वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पश्चिमी देशों के शांत और व्यवस्थित माहौल से निकलकर जब जेसिका बनारस की संकरी और भीड़भाड़ भरी गलियों में पहुंचीं, तो यहां की अफरातफरी भी उन्हें किसी खूबसूरत अनुभव जैसी लगी। तंग रास्तों पर गूंजते मंत्र और हर कोने पर धड़कती जिंदगी के बीच से गुजरते हुए वे दशाश्वमेध घाट पहुंचीं। वहां शाम के समय हो रही गंगा आरती का नजारा देखकर वे मंत्रमुग्ध हो गईं। शंखनाद, जलती हुई लपटें और हवा में घुली धूप की खुशबू ने मानो उन्हें किसी दूसरी ही दुनिया में पहुंचा दिया।

मणिकर्णिका घाट पर टूट गया सारा अहंकार

आरती के बाद जेसिका सीधे उस घाट पर पहुंचीं, जहां सदियों से चिताओं की अग्नि कभी शांत नहीं हुई। मणिकर्णिका घाट पर रोजाना करीब 150 से 200 शवों का अंतिम संस्कार होता है, और यहां की पवित्र अग्नि को हजारों साल से लगातार जलता माना जाता है। लकड़ियों के ढेर, हवा में उड़ती राख और गंगा में विसर्जित होती अस्थियों को देखकर जेसिका स्तब्ध रह गईं। उन्हें एहसास हुआ कि आखिरकार हम सब सिर्फ राख और मिट्टी हैं, और इस सच्चाई के सामने इंसान का सारा अहंकार चूर-चूर हो जाता है।

सुबह की नाव यात्रा ने दिखाई नई दुनिया

सुबह पांच बजे की कड़ाके की ठंड में गंगा की लहरों पर नाव से सूर्योदय देखना जेसिका के लिए किसी सपने से कम नहीं था। घाटों से आती घंटियों की आवाज और आध्यात्मिक माहौल के बीच उन्होंने देसी घी के साथ इडली-सांभर का स्वाद भी चखा। वहीं पुराने पत्थरों के बीच बने स्टारबक्स को देखकर वे हैरान रह गईं कि कैसे यह शहर अपनी सदियों पुरानी परंपरा को बचाते हुए भी आधुनिकता को अपना लेता है।

घाटों पर घूमते वक्त जेसिका को स्थानीय लोगों से भरपूर स्नेह मिला, कोई सेल्फी खिंचवाना चाहता था तो कोई उनसे एलन मस्क और ब्रह्मांड के रहस्यों पर चर्चा कर रहा था। जेसिका का कहना है कि भारत को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली नकारात्मक बातों पर भरोसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि जब तक आप खुद यहां आकर इस मिट्टी को महसूस नहीं करते, तब तक भारत की असली आत्मा को समझना मुमकिन नहीं।

जीवन का सबसे बड़ा सबक

गंगा के किनारे बैठकर दाल-चावल खाते हुए जेसिका को जिंदगी का सबसे गहरा सच समझ आया। बनारस ने उन्हें सिखाया कि इस दुनिया में कुछ भी स्थायी नहीं है, और असली मायने यह रखता है कि हम कितनी गहराई से जीते हैं और कितना प्यार बांटते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here