वृंदावन: नगर में लगातार हो रही विद्युत कटौती और बिजली व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में बुधवार को व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। उद्योग व्यापार मंडल की वृंदावन इकाई के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों और लोगों ने चुंगी चौराहे से रंगजी मंदिर स्थित विद्युत विभाग के सब स्टेशन तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया गया।
सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल बॉबी के नेतृत्व में निकाले गए पैदल मार्च में व्यापारियों के साथ स्थानीय लोग भी शामिल हुए। सब स्टेशन पहुंचकर पदाधिकारियों ने एसडीओ राहुल चौरसिया और के. सुनील कुमार को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार कराने और बार-बार हो रही कटौती पर रोक लगाने की मांग की।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद कटौती से परेशानी
नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, लेकिन वृंदावन में लगातार विद्युत कटौती से व्यापारी, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु परेशान हैं। उन्होंने विद्युत कटौती के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
मुखर्जी पार्क फीडर और खुले विद्युत बॉक्स की शिकायत
उन्होंने कहा कि मुखर्जी पार्क में नया फीडर बने करीब पांच माह हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसे चालू नहीं किया गया है। फीडर को जल्द शुरू कराने की मांग की गई। इसके अलावा बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले पड़े विद्युत बॉक्स और पैनलों को दुरुस्त कराने की भी मांग रखी गई।
अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और जर्जर खंभों की मरम्मत की मांग
व्यापारियों ने गौरा नगर कॉलोनी में पूरनजीती वाले ट्रांसफार्मर के पास 250 केवी का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उनका कहना था कि कॉलोनी में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भूमिगत की जा चुकी है, लेकिन पुरानी लाइन अब तक हटाई नहीं गई है। इसे तत्काल हटाने के साथ जर्जर विद्युत खंभों की मरम्मत और मंदिरों के आसपास लटक रहे खुले तारों व केबलों को व्यवस्थित कराने की मांग भी की गई।
एसडीओ ने जल्द सुधार का आश्वासन दिया
एसडीओ राहुल चौरसिया ने बताया कि व्यापार मंडल की ओर से सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया गया है। संबंधित मांगों के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उच्च अधिकारियों के स्तर से संबंधित मांगों को उनके समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में शामिल रहे प्रमुख लोग
इस दौरान शिवा गौतम, बाबू दास यादव, ईश्वर कौशिक, कल्लू पहलवान, शाहिद कुरैशी, राहुल शुक्ला, गोविंद बघेल, मोहन कुमार शर्मा, बंटी बघेल, शुभम सारस्वत, प्रमोद कुमार, गौरव सैनी, संजय अग्रवाल, गौरव गौतम और राम चौधरी आदि मौजूद रहे।












