नई दिल्ली: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में अचानक धुआं निकलने से हड़कंप मच गया. वहीं सुरक्षा को देखते हुए विमान को हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा और राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरे विमान से चेन्नई भेजा गया। बता दें, यह घटना 11 अक्टूबर को इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6115 से सामने आई है। विमान दिल्ली से चेन्नई के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान के दौरान ही केबिन में एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा और धुआं देखते ही यात्रियों में डर फैल गया। जिसके बाद इस घटना की सूचना तुरंत केबिन क्रू को दी गई।
पायलट ने लिया डायवर्ट का फैसला
एयरलाइन के मुताबिक, धुएं की जानकारी मिलते ही केबिन क्रू ने तेजी से एक्शन लिया और स्थिति को कंट्रोल में कर लिया। इसके बाद पायलटों ने कोई रिस्क न लेते हुए फ्लाइट को नजदीकी एयरपोर्ट हैदराबाद की ओर मोड़ने का फैसला किया। हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पावर बैंक या कोई और डिवाइस?
शुरुआत में कहा जा रहा था कि यात्री के पावर बैंक में आग लगने से धुआं निकला, लेकिन इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में डिवाइस का नाम नहीं बताया है। एयरलाइन ने सिर्फ इतना कहा है कि एक निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकला था। धुआं निकलने की असली वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी फ्लाइट से चेन्नई भेजे गए यात्री
हैदराबाद में लैंडिंग के बाद एयरलाइन ने यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट का इंतजाम किया। इंडिगो की ओर से बताया गया कि यात्रियों को जलपान दिया जा रहा है और उन्हें आगे की यात्रा की पूरी जानकारी दी जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। कंपनी ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। फिलहाल विमान में कितने यात्री सवार थे और धुआं किस डिवाइस से निकला, इसको लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।












