इंदौर में हार के बाद भी वेस्टइंडीज ने तोड़ा रिकॉर्ड, बनी टी20I में 2000 छक्के लगाने वाली पहली टीम

0
6

नई दिल्ली: हार के बावजूद वेस्टइंडीज ने क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया है। रविवार, 11 अक्टूबर को इंदौर में भारत के खिलाफ टी20 सीरीज का तीसरा मैच खेला गया, जिसमें कैरेबियाई बल्लेबाजों ने 13 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया। वेस्टइंडीज टी20 इंटरनेशनल में 2,000 छक्के पूरे करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई, हालांकि उसे 14 रनों से हार झेलनी पड़ी।

इस मैच से पहले वेस्टइंडीज के नाम 1,997 छक्के दर्ज थे, यानी 2,000 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ तीन छक्कों की जरूरत थी। भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ उसके बल्लेबाजों ने आक्रामक रवैया अपनाया और यह मुकाम हासिल कर लिया। इस सूची में भारत भी ज्यादा पीछे नहीं है। भारतीय टीम के नाम 1,997 छक्के हैं और वह अगले मुकाबले में 2,000 के आंकड़े तक पहुंच सकती है। न्यूजीलैंड 1,585 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि उसके बाद पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका का नंबर आता है।

अभिषेक की तूफानी पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 223 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 30 गेंदों पर 69 रन ठोक दिए, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। इसी पारी के दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अपने 2,000 रन भी पूरे किए। ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 37 रनों का योगदान दिया, और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 108 रनों की तेज साझेदारी हुई। हालांकि मिडिल ओवरों में लगातार विकेट गिरने से भारत इस शानदार शुरुआत का पूरा फायदा नहीं उठा सका।

वेस्टइंडीज की कोशिश रही नाकाम

224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने शुरुआत में ही कप्तान शाई होप का विकेट गंवा दिया। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर ने 26 गेंदों पर 43 रन और निकोलस पूरन ने 27 गेंदों पर 42 रन बनाते हुए पारी को संभाला। दोनों के बीच 60 रनों की साझेदारी हुई, और पूरन ने एक ओवर में तीन छक्के भी लगाए। आखिर में शमर स्प्रिंगर ने 11 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाकर उम्मीद जगाई, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी।

भारतीय गेंदबाजों ने दबाव के पलों में बेहतरीन नियंत्रण दिखाया। अर्शदीप सिंह ने 44 रन देकर तीन विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। नमन धीर ने दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। सीरीज का चौथा मैच 14 अक्टूबर को हैदराबाद में और आखिरी मुकाबला 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा। दोनों मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here