नई दिल्ली: महाराष्ट्र में स्कूल कैंटीन से समोसा और वड़ा पाव गायब होने के बाद एक छोटे बच्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक स्कूली छात्र महाराष्ट्र FDA कमिश्नर और IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे से बड़ा ही मासूम सवाल पूछता नजर आ रहा है। दरअसल, एक कार्यक्रम के दौरान बच्चे को कमिश्नर से सीधे बात करने का मौका मिला। बच्चे ने अपने और अपने दोस्तों की तरफ से सवाल पूछा, “सर, स्कूलों में वड़ा पाव पर बैन लगा दिया गया है, लेकिन मैं और मेरे दोस्त इसे वापस चाहते हैं। आपका इस पर क्या कहना है?”
IAS अधिकारी ने प्यार से समझाया
बच्चे के इस सवाल पर तुकाराम मुंढे ने गुस्सा होने के बजाय मुस्कुराते हुए बड़े प्यार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वड़ा पाव न खाने से जिंदगी नहीं रुक जाएगी। अगर आप अच्छा और पौष्टिक खाना खाओगे तो आपकी ग्रोथ और भी बेहतर होगी।
उन्होंने बच्चों को समझाया कि तेल में तले हुए स्नैक्स में पोषण बिल्कुल नहीं होता और ये सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने प्रोटीन से भरपूर डाइट लेने की सलाह दी। जब बच्चे ने चाइनीज स्ट्रीट फूड के बारे में पूछा तो मुंढे ने बताया कि इसमें खतरनाक आर्टिफिशियल रंग और केमिकल मिलाए जाते हैं। स्वाद से ज्यादा सेहत को चुनना ही समझदारी है।
स्कूलों में जंक फूड पर लगा है बैन
बता दें कि हाल ही में FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने महाराष्ट्र के सभी स्कूलों की कैंटीन और उसके 50 मीटर के दायरे में वड़ा पाव, समोसा, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे जंक फूड बेचने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
इस फैसले का मकसद बच्चों को मोटापे, डायबिटीज और दूसरी बीमारियों से बचाना है। अब कैंटीन में वड़ा पाव और समोसे की जगह इडली, डोसा, पोहा, उपमा, ताजे फल और छाछ जैसे हेल्दी ऑप्शन दिए जा रहे हैं। साथ ही पेरेंट्स से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को टिफिन में घर का बना पौष्टिक खाना ही दें। कमिश्नर के इस फैसले और बच्चे के साथ उनकी बातचीत के वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं और उनकी जमकर तारीफ हो रही है।












