नई दिल्ली: तेलंगाना के मेडक जिले से एक ऐसी खबर आई है, जिसने रिश्तों की बुनियाद को हिला दिया है। काला जादू करने के शक में एक बेटे ने अपनी ही मां पर डीजल डालकर आग लगा दी। इस दर्दनाक हमले में 40 साल की सयम्मा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना टेकमल मंडल के एलुपेटा गांव की है, जहां इस वारदात के बाद लोग सदमे में हैं।
आरोपी की पहचान 21 साल के दुर्गेश के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक उसे लंबे समय से शक था कि उसकी मां काला जादू करती है। इसी शक में उसने कथित तौर पर मां पर डीजल उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया। महिला बुरी तरह झुलस गई और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है, लेकिन असली वजह की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
वारदात की सूचना मिलते ही टेकमल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दुर्गेश को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मां और बेटे के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और यह घटना किन हालात में अंजाम दी गई। परिवार के भीतर हुई इस क्रूरता से गांव के लोग हैरान हैं और किसी को यकीन नहीं हो रहा कि ऐसा भी हो सकता है। स्थानीय निवासी के. करे अशोक के मुताबिक मृतका का नाम करे सयम्मा था और वह एलिपेट गांव की रहने वाली थीं। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के बाद बेटे ने घर के भीतर ही मां पर डीजल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद शव को जोगीपेट के सरकारी अस्पताल ले जाया गया और अस्पताल प्रशासन को सौंप दिया गया।
काला जादू के शक की हो रही जांच
पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपनी मां पर काला जादू करने का शक जताया था। हालांकि पुलिस इस आशंका और पारिवारिक विवाद, दोनों पहलुओं को खंगालकर घटना के असली कारण तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से आगे की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।











