लखनऊ: मेरठ से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी से पूछताछ में सुरक्षा एजेंसियों को बेहद चौंकाने वाली जानकारी मिली है। उसके मोबाइल की जांच में ऐसे व्हाट्सऐप चैट सामने आए हैं, जिनसे भारतीय सेना की चेकपोस्ट पर आत्मघाती हमले की साजिश का पता चला है। सूत्रों के मुताबिक उजैद के फोन से ‘005 ब्रिगेड’ नाम का एक व्हाट्सऐप ग्रुप मिला है, जिसमें कुल 5 लोग जुड़े थे। इस ग्रुप में पाकिस्तान में बैठा हैंडलर ‘DRUGS’ कोड नेम से बात कर रहा था। चैट में बम वाली जैकेट पहनकर चेकपोस्ट पर हमला करने और घर पर ही जैकेट तैयार करने की बात लिखी हुई थी।
जांच में मिली चैट के मुताबिक एक सदस्य ने पूछा कि क्या प्लान है, तो हैंडलर ने जवाब दिया कि साजिद को बम वाली जैकेट पहनाकर सेना की चेकपोस्ट पर भेजना है और वहां धमाका करना है। इस पर उजैद ने हामी भरते हुए लिखा कि वह तैयार है और पूरी चेकपोस्ट उड़ा देगा। जब एक और सदस्य ने पूछा कि जैकेट कहां है, तो हैंडलर ने कहा कि घर पर ही बना लेंगे। इन चैट्स के सामने आने के बाद एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।
कोड नेम वाले ग्रुप से चल रहा था नेटवर्क
जांच में पता चला है कि करीब एक साल से फरार चल रहा उजैद सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए अपना नेटवर्क चला रहा था। उसने सिग्नल, सेशन और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कई अकाउंट बना रखे थे। युवाओं को जोड़ने के लिए उसने ‘ट्यूशन 40’ और ‘ब्रिगेड’ जैसे गुप्त नामों से ग्रुप बनाए थे, जिनका एडमिन वह खुद था। इसके अलावा वह ‘इब्ने आदम 99’ नाम की आईडी भी चला रहा था। एजेंसियों को पता चला है कि इस आईडी के जरिए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के कई संदिग्ध लोग उसके संपर्क में थे।
Meerut, Uttar Pradesh: Police presented 19-year-old Uzaid, accused of plotting a suicide attack. According to police, he was influenced by Zakir Naik and was associated with WhatsApp groups named ‘Tuition 40’ and ‘Brigade’. https://t.co/PfzC5WNahX
— IANS (@ians_india) November 24, 2026
2023 से शुरू हुआ था कट्टरपंथ का सफर
शुरुआती जांच में सामने आया है कि उजैद के कट्टरपंथी बनने की प्रक्रिया साल 2023 से शुरू हुई थी। इसके बाद वह धीरे-धीरे सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं के संपर्क में आ गया और देश विरोधी साजिशों का हिस्सा बन गया। गिरफ्तारी और मोबाइल से मिले सबूतों के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े बाकी सदस्यों और स्लीपर सेल की तलाश में जुट गई हैं। एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।












