नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत जिला एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13.11 ग्राम स्मैक और हेरोइन के 31 पुड़िये, सुलोचन की छह ट्यूब तथा 1340 रुपये नकद बरामद किए हैं।
उत्तर पश्चिम जिला डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान सलमा (44) पत्नी जमालुद्दीन निवासी एच-4 ब्लॉक जहांगीर पुरी दिल्ली के रूप में हुई है। आठ अक्टूबर 2026 को विशेष मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
निरीक्षक सोमिल शर्मा प्रभारी एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के पर्यवेक्षण में सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सहायक उपनिरीक्षक चंदरपाल हेड कांस्टेबल रोहित, हेड कांस्टेबल स्वयं, हेड कांस्टेबल सुधीर, महिला हेड कांस्टेबल मंजू और महिला कांस्टेबल कोमल की टीम ने मौके पर छापा मारा। तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद पॉलीथीन बैग से नशीले पदार्थों के पुड़िये और अन्य सामान बरामद हुआ।
इस मामले में थाना आदर्श नगर में प्राथमिकी संख्या 702/26 दिनांक नौ अक्टूबर 2026 को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पूर्व आपराधिक संलिप्तता दर्ज नहीं है।उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान जारी है।












