
नई दिल्ली: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपी बनाई गई मॉडल श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि के साथ नेपाल भाग गई है। दोनों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शिवा शर्मा चिकन कारोबारी होने के साथ कैफे भी चलाते थे। शुक्रवार रात बालू अड्डा के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई। उनका शव सिर्फ अंडरवियर में मिला था। आरोप है कि श्रद्धा ने ही उन्हें अपार्टमेंट से नीचे फेंका। श्रद्धा पिछले एक साल से शिवा के साथ लिव-इन में रह रही थी।
पुलिस ने जब श्रद्धा के फ्लैट की तलाशी ली तो वहां से कई आपत्तिजनक चीजें बरामद हुईं। इनमें सेक्स टॉयज, शक्तिवर्धक और नशीली दवाएं शामिल हैं। श्रद्धा की कॉल डिटेल में कई नामी लोगों से संपर्क की बात भी सामने आई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सारा सामान जांच के लिए भेज दिया है। अब फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
शिवा की मां रंजना ने हजरतगंज कोतवाली में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि श्रद्धा उनके बेटे को झूठे केस में फंसाने की कोशिश करती थी। उन्होंने सिगरेट से जलाने और माफिया व नामी लोगों से धमकी दिलवाने की बात भी कही है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
ऐसे पहुंची नेपाल
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद श्रद्धा चौक इलाके में अपने पूर्व साथी, एक ड्राइवर और कुछ और लोगों से मिली। इसके बाद वह सीतापुर और बहराइच के रास्ते नेपाल निकल गई। उसे नेपाल पहुंचाने में दुबग्गा के ड्राइवर आमिर और आलमबाग के दानिश की अहम भूमिका बताई जा रही है।सोमवार दोपहर हजरतगंज पुलिस ने दोनों के घर दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले। परिवार वालों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस के निशाने पर कुछ बिल्डर और नामी लोग भी हैं, जिन पर श्रद्धा की मदद करने का शक है।
पुराना मुकदमा भी जांच में
कुछ महीने पहले श्रद्धा ने कारोबारी रिजवान के खिलाफ छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में केस दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। हालांकि श्रद्धा पर आरोप लगे थे कि उसने पैसे ऐंठने के लिए यह मुकदमा करवाया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पूछताछ में पता चला है कि श्रद्धा का नेपाल आना-जाना अक्सर लगा रहता था और वहां कई लोगों से उसकी जान-पहचान है। इवेंट कंपनियों के संचालक और फैशन शो कराने वाले कई नामी लोग भी उसके करीबी थे। पुलिस अब इन सभी से जुड़े तारों को खंगाल रही है।












