दिल्ली की सड़कों पर अतिक्रमण माफिया पर ट्रैफिक पुलिस का प्रहार, 493 अवैध कब्जे हटाए, 2069 चालान और 131 वाहन उठाए

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सड़कों पर अवैध कब्जा जमाकर बैठने वालों और यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पूर्वी रेंज की पुलिस उपायुक्त श्वेता सिंह चौहान की निगरानी में पूर्वी रेंज में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस,नगर निगम दिल्ली (एमसीडी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों और गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान में सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर किए गए 493 अवैध अतिक्रमण हटाए गए, पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के 2069 चालान काटे गए और 131 वाहनों को टो करके हटाया गया।

इस कार्रवाई का मकसद केवल सड़क किनारे से अवैध कब्जे हटाना नहीं  बल्कि आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना भी रहा। अभियान के दौरान उन स्थानों को निशाना बनाया गया, जहां रेहड़ी-पटरी, अनधिकृत सामान, बेतरतीब खड़े वाहन और अन्य अवरोध सड़क की चौड़ाई कम करने के साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही में परेशानी पैदा कर रहे थे।

सड़क और फुटपाथ पर कब्जा करने वालों को सख्त संदेश

पूर्वी रेंज में चलाए गए इस संयुक्त अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे गए सामान, अनधिकृत रेहड़ी-पटरियों और अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्रवाई के जरिए सड़क और फुटपाथ के उस हिस्से को दोबारा आम लोगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया जिस पर अवैध कब्जों के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अक्सर फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहन यातायात की रफ्तार को धीमा करने के साथ जाम की स्थिति पैदा करते हैं। ऐसे में संयुक्त कार्रवाई को यातायात अनुशासन मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

2069 चालान, 131 वाहन टो गलत पार्किंग पर शिकंजा

अभियान के दौरान गलत पार्किंग के मामलों में भी सख्ती बरती गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के 2069 चालान किए गए जबकि यातायात में बाधा बन रहे 131 वाहनों को टो करके हटाया गया। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि सार्वजनिक सड़कों को निजी पार्किंग स्थल की तरह इस्तेमाल करने और दूसरों की आवाजाही बाधित करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त श्वेता सिंह चौहान ने बताया कि संयुक्त अभियान के परिणामस्वरूप यातायात के प्रवाह को बेहतर बनाने पैदल यात्रियों के लिए रास्ता बहाल करने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिली। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ की गई कार्रवाई ने यह भी रेखांकित किया कि अतिक्रमण और गलत पार्किंग जैसी समस्याओं से निपटने के लिए लगातार निगरानी और प्रभावी प्रवर्तन जरूरी है।

जीरो टॉलरेंस की नीति, आगे भी जारी रहेगा अभियान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे सड़क पर अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियां, गलत पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि पूर्वी रेंज में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, एमसीडी और स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय से अतिक्रमण मुक्त सार्वजनिक स्थानों बेहतर यातायात अनुशासन और सुरक्षित सड़क व्यवस्था के लिए कार्रवाई करती रहेंगी।

अभियान की कमान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की पूर्वी रेंज के तत्वावधान में की गई। अभियान में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ नगर निगम दिल्ली और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। संदेश साफ है, सड़क जनता की है फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए है और यातायात नियमों से कोई समझौता नहीं होगा।

 

reported by: pankaj rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here