रतिया: गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी, रतिया में 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली 10वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर गतका चैंपियनशिप की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 21 राज्यों से गतका खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में 1000 से अधिक खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का रतिया पहुंचना शुरू हो गया है। विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी हवाई जहाज, रेलगाड़ियों और बसों के माध्यम से रतिया पहुंच रहे हैं। सबसे पहले तेलंगाना राज्य की गतका टीम गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी पहुंची। इसके अलावा केरल, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ और गोवा सहित अन्य राज्यों के खिलाड़ियों का भी आगमन शुरू हो गया है।
गतका फेडरेशन के महासचिव ने लिया तैयारियों का जायजा
गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी सरदार बलजिंदर सिंह तूर ने गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी, रतिया पहुंचकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल पर किए गए प्रबंधों का जायजा लिया और आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
21 स्थानों पर खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था
देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रतिया शहर में 21 अलग-अलग स्थानों पर रात्रि ठहराव की व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के स्वागत, ठहरने तथा प्रतियोगिता से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है, ताकि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा ने किया खिलाड़ियों का स्वागत
गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की ओर से दूसरे राज्यों से पहुंच रहे खिलाड़ियों एवं अधिकारियों का जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इस अवसर पर गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकैडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर गुरजीत सिंह, हेड कोच सुमित कुमार, प्रिंसिपल जसबीर कौर तथा गगनदीप सिंह मल्ली ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
पारंपरिक मार्शल आर्ट को मिलेगा बढ़ावा
गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के चेयरमैन स्वर्ण सिंह रतिया ने बताया कि राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य भारत की पारंपरिक मार्शल आर्ट गतका को बढ़ावा देना, युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना तथा खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को आपस में मिलने, अपने कौशल का प्रदर्शन करने और एक-दूसरे से अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन गतका खेल के विकास और उभरती प्रतिभाओं की पहचान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रतिया में आयोजित होने वाली यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप खेल प्रेमियों और गतका खिलाड़ियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले मुकाबलों में देशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
Reported By: Rimpi Jindal












