नई दिल्ली: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला और उलझ गया है। इस केस में मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस जुटी है, तो वहीं अब नेपाल से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आने से जांच में नया मोड़ आ गया है। दावा किया जा रहा है कि नेपाल के महीम नगर के CCTV में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और दोस्त आदिल ई-रिक्शा पर सवार दिखे हैं।
तस्वीरों में तीनों सड़क पार कर बस स्टेशन की तरफ जाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि तीनों ने वहां रात गुजारी और सुबह बस से आगे निकल गए। इससे पहले पुलिस को भारत-नेपाल बॉर्डर के पास रुपईडीहा में श्रद्धा की स्कॉर्पियो कार लावारिस हालत में मिली थी, जिसके बाद से अंदेशा जताया जा रहा था कि वह पैदल बॉर्डर पार कर नेपाल चली गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 9 अक्टूबर की है। लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। रिपोर्ट के अनुसार शिवा फ्लैट से नीचे गिरा था। शिवा के परिजनों ने उसकी लिव-इन पार्टनर कही जा रही श्रद्धा दुबे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पहले सीतापुर और फिर लखीमपुर में उसकी तलाश में पहुंची, लेकिन वह हर बार निकल चुकी थी।
Murder accused Shraddha Dubey can easily make a video sitting in a hotel and post it on social media and the police is unable to trace it. https://t.co/ovpzP75Gk7
— JusticeForMen (@Mr_Prajapat551) October 15, 2026
इधर श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया है। उसने कहा कि शिवा ने आत्महत्या की है, उसकी हत्या नहीं हुई। श्रद्धा ने कहा कि वह कहीं गायब नहीं है और पुलिस के सामने आकर सच बताना चाहती है। उसने लोगों से अपील की है कि उसका नाम बेवजह नेताओं से न जोड़ा जाए।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
शिवा की बहन ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा ने पहले सोशल मीडिया पर शिवा को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, फिर दोस्ती के बाद उसे ब्लैकमेल करने लगी। बहन के मुताबिक 2 जून को शिवा ने रोते हुए बताया था कि श्रद्धा उसे ब्लैकमेल कर रही है। परिवार का दावा है कि श्रद्धा अमीर घरों के लड़कों को जाल में फंसाकर पैसे वसूलती थी। इस केस में श्रद्धा की बहन रश्मि की भूमिका भी शक के घेरे में है। जांच में सामने आया है कि घटना के बाद दोनों बहनों ने कुछ करीबी लोगों से लंबी बातचीत की थी। फिलहाल पुलिस नेपाल वाले CCTV की पुष्टि और तीनों की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।












