टैक्सी की आड़ में नशे का कारोबार! दिल्ली पुलिस ने तीन कथित ड्रग सप्लायर दबोचे

0
8

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दिल्ली पुलिस के उत्तर जिला मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित ड्रग सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में दो टैक्सी चालक और एक नाइजीरियाई नागरिक शामिल हैं। इनके कब्जे से 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद की गई है। पुलिस ने कथित तौर पर नशीले पदार्थों की डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाली मारुति वैगनआर टैक्सी भी जब्त की है।

गुप्त सूचना से खुला नशे की सप्लाई का राज

उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि रात करीब 8:10 बजे मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ को सूचना मिली कि अच्छे बाबू और उसका सहयोगी जाहिद कश्मीरी गेट के रिंग रोड स्थित पैदल पारपथ के पास नशीले पदार्थों की आपूर्ति के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर निरीक्षक आशीष दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) विशेश धत्तरवाल के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक जगबीर, सहायक उपनिरीक्षक विजय, हेड कांस्टेबल लेखराज, हेड कांस्टेबल संजय और हेड कांस्टेबल मनजीत की टीम ने कार्रवाई की।

रात करीब 9:15 बजे पुलिस ने अच्छे बाबू (25) निवासी कायमगंज फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर जाहिद (22) निवासी गांव गुनारा जलालाबाद शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश को भी पास में खड़ी कार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों के पास से 16.4 ग्राम कोकीन और 90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में कश्मीरी गेट थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21/29 के तहत प्राथमिकी संख्या 464/26 दर्ज की गई।

टैक्सी चालक बने कथित नशा सप्लायर

जांच में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर नाइजीरियाई नागरिक कैजेथन चुक्वुजेक्वु (43) से संपर्क होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कैजेथन ने शुरुआत में उनकी टैक्सी किराये पर ली थी जिसके बाद दोनों कथित रूप से नशीले पदार्थों की डिलीवरी करने लगे। 13 अक्टूबर को पुलिस ने महरौली से कैजेथन को गिरफ्तार किया। उसके पास से 5.7 ग्राम कोकीन और 15.3 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई।

एक अन्य संदिग्ध की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार अच्छे बाबू टैक्सी प्रतिदिन 600 रुपये के किराये पर चलाता था। दोनों चालक अपनी उपलब्धता के अनुसार कथित तौर पर डिलीवरी करते थे। कैजेथन ने पुलिस को अपने सहयोगी अमेका के बारे में भी बताया जिसकी तलाश में छापेमारी की गई, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस अब नशीले पदार्थों के स्रोत सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here