बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छल के मंच पर नहीं पहुंचने से भड़के प्रशंसक, अग्रसेन जयंती महोत्सव में हंगामा

0
5

मथुरा:  अग्रसेन जयंती महोत्सव के समापन समारोह में बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने से गुरुवार रात हंगामा हो गया। बीएसए कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे थे। शाम से शुरू हुआ इंतजार देर रात तक जारी रहा। रात करीब 11:45 बजे कार्यक्रम निरस्त होने की जानकारी मिलने पर दर्शक नाराज हो गए। गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आयोजकों ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। उधर, गायिका ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की वजह बताते हुए कहा कि वह ऐसे आयोजनों में प्रस्तुति नहीं देतीं, जहां कार्यक्रम के दौरान खानपान चलता रहता है।

तीन दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव मेले के अंतिम दिन पलक मुच्छल की प्रस्तुति प्रस्तावित थी। इसके लिए आयोजन स्थल बीएसए कॉलेज परिसर में शाम सात बजे से ही दर्शकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। प्रशंसकों को उम्मीद थी कि गायिका की प्रस्तुति से महोत्सव का समापन यादगार होगा। बताया गया कि पलक मुच्छल शाम को ही मथुरा पहुंच गई थीं और एक स्थानीय होटल में ठहरी थीं। आगरा की आरोही इवेंट कंपनी को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कंपनी के निदेशक अमित तिवारी ने होटल में गायिका का स्वागत भी किया था।

देर रात कार्यक्रम निरस्त होने पर भड़के दर्शक, एक घंटे तक चला हंगामा

इसके बाद रात में कार्यक्रम को लेकर स्थिति बदल गई। आयोजकों की ओर से बताया गया कि गायिका ने कार्यक्रम स्थल पर आने से इन्कार कर दिया। रात करीब 11:45 बजे जब दर्शकों को कार्यक्रम निरस्त होने की जानकारी दी गई तो उनमें नाराजगी फैल गई। देर रात तक इंतजार करने के बाद भी प्रस्तुति नहीं होने से लोग आयोजकों से जवाब मांगने लगे। देखते ही देखते हंगामे की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद आयोजकों ने लोगों को समझाकर शांत कराया।

पलक मुच्छल ने सोशल मीडिया पर बताई कार्यक्रम में नहीं पहुंचने की वजह

गायिका पलक मुच्छल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा कर कार्यक्रम में नहीं पहुंचने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि उनकी प्रस्तुतियों को लेकर कुछ शर्तें होती हैं। वह ऐसे कार्यक्रमों में प्रस्तुति नहीं देतीं, जहां कार्यक्रम के दौरान खानपान चलता रहता है। उनके मुताबिक, इस संबंध में इवेंट कंपनी और आयोजकों को पहले ही जानकारी दे दी गई थी। वहीं, आयोजन से जुड़े लोगों ने गायिका के नहीं पहुंचने पर नाराजगी जताई और इसे दर्शकों के साथ अन्याय बताया।

आयोजकों ने जताई नाराजगी, विधिक राय लेकर कार्रवाई की तैयारी

अग्रवाल सभा के चुनाव संयोजक जयंती प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि गायिका के नहीं पहुंचने से समाज के लोगों और प्रशंसकों को निराशा हुई है। उनका कहना है कि अंतिम समय तक गायिका के आने की बात कही जाती रही, लेकिन वह मंच पर नहीं पहुंचीं। उन्होंने बताया कि मामले में विधिक राय लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों और गायिका के पक्ष के बीच उठे विवाद के बाद अब सभी की नजर संभावित कानूनी कार्रवाई पर है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here