कांजीवरम साड़ी से सजीं मां कात्यायनी, फूल बंगले में दिए दर्शन

0
5

वृंदावन: शारदीय नवरात्र के छठे दिन शुक्रवार को सिद्धपीठ राधाबाग स्थित मां कात्यायनी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। मां के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस अवसर पर मां कात्यायनी का दक्षिण भारत से मंगाई गई विशेष कांजीवरम साड़ी से भव्य श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे बंगले में विराजमान मां के दिव्य स्वरूप ने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ संस्थापक सिद्ध संत केशवानंद महाराज का तिरोभाव महोत्सव भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

कांजीवरम साड़ी से भव्य श्रृंगार और विशेष सजावट 

षष्ठी तिथि पर मां कात्यायनी के विशेष पूजन के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मां के श्रृंगार में दक्षिण भारत की प्रसिद्ध कांजीवरम साड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर के मुख्य पुजारी कमल तिवारी के अनुसार, मां के लिए विशेष रूप से तैयार कराई गई इस साड़ी को बनाने में कारीगरों को करीब एक महीने का समय लगा। पारंपरिक कला और बारीक कारीगरी से तैयार साड़ी धारण कर मां ने भक्तों को मनोहारी दर्शन दिए। फूलों से सजे बंगले और मां के दिव्य स्वरूप को निहारने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। भक्तों ने विधि-विधान से पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मां कात्यायनी की आराधना और केशवानंद महाराज का तिरोभाव महोत्सव 

मुख्य पुजारी कमल तिवारी ने बताया कि नवरात्र का छठा दिन मां कात्यायनी की आराधना के लिए समर्पित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में ब्रज की गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने के लिए मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना की थी। इसी मान्यता के चलते ब्रज में मां कात्यायनी की आराधना का विशेष महत्व है। मंदिर में मां को विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया गया। वहीं, मंदिर संस्थापक सिद्ध संत केशवानंद महाराज का तिरोभाव महोत्सव भी मनाया गया। भक्तों ने महाराज की प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आध्यात्मिक योगदान का स्मरण किया।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here