नकली नंबर प्लेट का खेल खत्म, खाकी के शिकंजे में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह

0
7

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर की सड़कों से दोपहिया वाहन उड़ाने वाले अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खेल आखिरकार खाकी के शिकंजे में आ गया। चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को चकमा देने वाले दो कथित वाहन चोरों को दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी राहुल उर्फ बच्ची (26) और बहादुरगढ़ निवासी सन्नी राठी (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलों व तीन स्कूटी समेत कुल आठ दोपहिया वाहन, छह जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट एक एलएन चाबी और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के नौ मामलों का खुलासा हुआ है।

फर्जी नंबर प्लेट लगाई, लेकिन पुलिस की नजर से नहीं बच सके

दक्षिण-पश्चिम जिला डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि वाहन चोरों के इस खेल का पर्दाफाश करने के लिए एएटीएस दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को विशेष सूचना मिली। टीम ने पालम फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर मोटरसाइकिल से जा रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया। जांच में मोटरसाइकिल पर लगी नंबर प्लेट फर्जी निकली। छानबीन करने पर पता चला कि मोटरसाइकिल दिल्ली के मोती नगर थाने में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 014389/26 के तहत चोरी की गई थी। इसके बाद पालम विलेज थाने में एफआईआर संख्या 576/2026 दर्ज कर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।

चोरी की बाइक से करते थे अगली वारदात

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वे चोरी के दोपहिया वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल आगे की वारदातों में करते थे। वे दिल्ली-एनसीआर से वाहन चोरी कर बहादुरगढ़ और मेवात में बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर हरियाणा के बहादुरगढ़ से सात अन्य चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें तीन स्कूटी और चार मोटरसाइकिलें शामिल हैं।बरामद वाहनों और जांच के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज कुल नौ वाहन चोरी के मामलों को सुलझाने का दावा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक राहुल उर्फ बच्ची सातवीं कक्षा तक पढ़ा है। इसके बाद उसने भिवानी में किराये पर ऑटो चलाया। बाद में नशे की लत और गलत संगत के चलते वह कथित तौर पर वाहन चोरी के अपराध में शामिल हो गया। उसके खिलाफ वाहन चोरी से संबंधित पांच आपराधिक मामलों में संलिप्तता बताई गई है। वहीं सन्नी राठी बहादुरगढ़ के जाटवाड़ा मोहल्ले का निवासी है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, जबरन वसूली, वाहन चोरी और अन्य अपराधों से जुड़े छह मामलों में संलिप्तता सामने आई है। दोनों आरोपियों से बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ व जांच की जा रही है।

इन मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार।पालम विलेज थाने की एफआईआर संख्या 576/2026 के अलावा सागरपुर, पालम विलेज, मोती नगर, महरौली, तिलक नगर, उत्तम नगर और बिंदापुर थानों में दर्ज आठ ई-एफआईआर से जुड़े वाहन चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई के लिए एएटीएस दक्षिण-पश्चिम जिले की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एसआई राम प्रताप, एएसआई धर्मेंद्र, एएसआई विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल मोहित, हेड कांस्टेबल भारत, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रशांत, हेड कांस्टेबल मनोज मोरल, कांस्टेबल प्रवीण, कांस्टेबल रवि प्रकाश और कांस्टेबल दिनेश शामिल रहे। पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर राम कुमार, प्रभारी एएटीएस दक्षिण-पश्चिम जिला के नेतृत्व में तथा एसीपी ऑपरेशंस संदीप घई की करीबी निगरानी में की गई।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here