नई दिल्ली: भारत की यात्रा पर आया एक अमेरिकी कपल जब वापस अपने देश लौट रहा था, तो उसकी आंखें नम हो गईं। एक महीने की ट्रिप के लिए आए एलिजाबेथ और ब्रायन ने भारत में 5 हफ्ते बिताए और इस दौरान उन्हें यहां से इतना लगाव हो गया कि जाते वक्त उनका दिल भारी हो गया। कपल ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखकर बताया कि मदर इंडिया को अलविदा कहना आसान नहीं था।
एलिजाबेथ का इंस्टाग्राम पर @yogi_dreamer नाम से अकाउंट है, जहां उन्होंने अपनी पूरी यात्रा की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। दोनों अक्सर अपने लिए BE लिखते हैं। एलिजाबेथ ने बताया कि BE उनके नाम के शुरुआती अक्षर हैं, साथ ही यह उन्हें हर पल में जीने की याद दिलाता है।
ऋषिकेश से जयपुर तक की यात्रा
अपनी यात्रा के दौरान कपल ने ऋषिकेश, कैंची धाम, वृंदावन और जयपुर समेत कई जगहों का दौरा किया। उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्थित जागेश्वर महादेव मंदिर उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया। एलिजाबेथ ने बताया कि इस मंदिर परिसर में करीब 125 मंदिर हैं, जो लगभग 2500 साल पुराने हैं। उन्होंने कहा कि यह जगह बेहद जादुई और सुंदर है, जहां एक खास ऊर्जा महसूस होती है।
वृंदावन में मनाई दीपावली
कपल ने वृंदावन में रहकर दीपावली भी मनाई। वीडियो में उन्होंने कहा कि यहां हर तरफ पटाखे फोड़े जा रहे हैं। भारत के पटाखे अमेरिकी पटाखों से कहीं ज्यादा बड़े और तेज हैं। उन्होंने कहा कि यह जश्न अमेरिका के 4 जुलाई वाले जश्न से कई गुना ज्यादा शानदार है। कपल ने कहा कि दीपावली जैसे बड़े पर्व के दौरान भारत में होना उनके लिए सौभाग्य की बात थी। हर कोई बेहद उत्साहित था और उन्हें खूब मजा आया। वृंदावन के अलग-अलग मंदिरों में घूमने के बाद वे जयपुर के महलों की ओर निकल गए।
चाय, कीर्तन और नवरात्रि का लिया आनंद
कपल ने बताया कि उनकी भारत यात्रा बेहद रोमांचक रही। उन्होंने खूब चाय पी, स्वादिष्ट खाना खाया, अपने पसंदीदा लोगों के साथ अद्भुत कीर्तन सुने, पुराने दोस्तों से मिले और नए दोस्त बनाए। उन्होंने नवरात्रि का भी आनंद लिया। एलिजाबेथ ने मजेदार किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि एक बार ब्रायन एक बड़े बंदर के हमले से बाल-बाल बचे। इसके अलावा उन्होंने गंगा किनारे खूब समय बिताया। ऋषिकेश में गंगा मां को विदाई देकर वे कैंची धाम गए।
कपल ने कहा कि कैंची धाम और ऋषिकेश में गंगा किनारे बिताए पलों के बाद ऐसा लगा जैसे उन्होंने एक ही जन्म में हजार जन्म जी लिए हों। वापस लौटते हुए दोनों ने कहा कि वे अभी से भारत की अगली ट्रिप के सपने देखने लगे हैं।












